तेजस्वी की बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा और एनडीए डरे-सहमे: डॉ. मनोज
रांची: झारखंड प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रवक्ता डॉ. मनोज कुमार ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत भारतीय जनता पार्टी और एनडीए गठबंधन के सभी नेता माननीय तेजस्वी प्रसाद यादव की बढ़ती लोकप्रियता से डरे और सहमे हुए हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!उन्होंने कहा कि बिहार की जनता जिस उत्साह और प्रेम के साथ तेजस्वी यादव की सभाओं में उमड़ रही है, उससे स्पष्ट है कि बिहार में सत्ता परिवर्तन तय है और तेजस्वी यादव राज्य के अगले मुख्यमंत्री बनेंगे।
डॉ. मनोज ने भाजपा और एनडीए पर आरोप लगाया कि उनके पास जनता के लिए कोई ठोस विकास दृष्टिकोण या नीति नहीं है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री और गृह मंत्री सहित सभी भाजपा नेता सिर्फ ‘जंगलराज’ और ‘भ्रष्टाचार’ की बात कर जनता को दिग्भ्रमित करने में लगे हैं। बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं, शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था जैसे वास्तविक मुद्दों पर भाजपा मौन है।”
उन्होंने कहा कि आज बिहार में हत्या, बलात्कार और अपराध की घटनाएं आम हो गई हैं, लेकिन भाजपा नेताओं को यह सब नहीं दिखता। वे सिर्फ सत्ता के नशे में जनता को भ्रमित करने की राजनीति कर रहे हैं।
राजद प्रवक्ता ने दावा किया कि बिहार की जनता अब पूरी तरह बदलाव के मूड में है और कई विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा नेताओं को जनता खदेड़ रही है।
डॉ. मनोज ने कहा, “14 नवंबर को भाजपा और एनडीए के तमाम नेताओं की बोलती बंद हो जाएगी। बिहार में परिवर्तन सुनिश्चित है और तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे।”

















