गोड्डा में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या या आत्महत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

गोड्डा : गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र अंतर्गत सारवां के समीप शुक्रवार को एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बाड़ीडीह गांव निवासी 26 वर्षीय शेख जुल्फकार अंसारी के रूप में हुई है। वह शेख मुस्लिम अंसारी का पुत्र था।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के अनुसार, स्थानीय ग्रामीण तालाब की ओर जा रहे थे, तभी उनकी नजर झाड़ियों के बीच पेड़ से लटके शव पर पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।
सूचना पाकर महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक, पुलिस निरीक्षक उपेंद्र कुमार महतो तथा थाना प्रभारी मनोज पाल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस को घटनास्थल के समीप तालाब से मृतक का बैग तथा कुछ कपड़े भी बरामद हुए हैं, जिससे मामले को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।
घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने कुछ समय के लिए महागामा-गोड्डा एनएच-133 को जाम कर दिया। बाद में पुलिस अधिकारियों ने समझा-बुझाकर जाम हटवाया और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया।
पुलिस और ग्रामीणों की मदद से शव को पेड़ से नीचे उतारकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेज दिया गया।
मृतक की मां सन्नी खातून ने बताया कि घर में मामूली विवाद के बाद जुल्फकार बैग लेकर काम के लिए घर से निकला था। उन्होंने अपने बेटे की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। परिजनों के अनुसार जुल्फकार की शादी पिछले वर्ष सुखाड़ी गांव में हुई थी और उसकी कोई संतान नहीं थी।
फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक ने बताया कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

















