हजारीबाग: म्यूटेशन की आस टूटी, तो मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक; अंचल कार्यालय की कार्यशैली पर उठे सवाल
हजारीबाग के कटकमदाग में म्यूटेशन से परेशान युवक चढ़ा मोबाइल टावर, अंचल कार्यालय की कार्यशैली पर खड़े हुए गंभीर सवाल। पढ़ें पूरी खबर
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!हजारीबाग : जिले के कटकमदाग अंचल अंतर्गत बनादाग गांव में प्रशासनिक उदासीनता का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अपनी जमीन के म्यूटेशन (दाखिल-खारिज) के लिए महीनों से सरकारी कार्यालय के चक्कर लगा रहे विकास कुमार नामक युवक ने आखिरकार हताश होकर एक मोबाइल टावर पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में प्रशासन को मौके पर पहुंचना पड़ा।
महीनों से दफ्तर के चक्कर, नहीं हुई सुनवाई
युवक के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, विकास कुमार अपनी जमीन के म्यूटेशन की मांग को लेकर पिछले कई महीनों से अंचल कार्यालय के लगातार चक्कर काट रहा था। युवक का आरोप है कि तमाम औपचारिकताओं को पूरा करने और अधिकारियों से बार-बार गुहार लगाने के बावजूद उसकी फाइल पर कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया। फाइलों के पेंडिंग रहने से परेशान होकर युवक ने अंततः प्रशासन का ध्यान खींचने के लिए यह आत्मघाती कदम उठाया।
स्थानीय लोगों का फूटा गुस्सा
जैसे ही युवक के टावर पर चढ़ने की खबर फैली, मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। लोगों ने अंचल कार्यालय की लचर कार्यशैली और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। ग्रामीणों का कहना है कि कटकमदाग अंचल में केवल विकास ही नहीं, बल्कि कई अन्य किसान भी अपने छोटे-छोटे राजस्व कार्यों के लिए महीनों से भटक रहे हैं। लोगों का आरोप है कि बिना सुविधा शुल्क दिए फाइल आगे नहीं बढ़ाई जाती, जिससे आम नागरिकों का जीना दूभर हो गया है।
युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन को सूचित किया गया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने युवक को सुरक्षित नीचे उतारने और उसकी समस्या का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया है।
राज्य सरकार द्वारा दाखिल-खारिज कार्यों को समयबद्ध तरीके से निपटाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां करती है। इस घटना ने एक बार फिर प्रशासनिक सिस्टम की पोल खोल कर रख दी है। अब देखने वाली बात यह होगी कि क्या प्रशासन इस मामले के बाद अपनी कार्यशैली में सुधार लाता है या फिर आम जनता को अपनी वाजिब मांगों के लिए इसी तरह सड़कों पर उतरना पड़ेगा।
धनबाद: दिल चुराने वाली प्रेमिका ने ‘दिल’ पर किया वार , उतारा मौत के घाट
गोड्डा में जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने मनाया विश्व पर्यावरण दिवस, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प


















