पहले चरण के चुनाव प्रचार का शोर मंगलवार शाम थमेगा, 6 नवंबर को 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान
विधानसभा चुनाव के पहले चरण का प्रचार अभियान मंगलवार की शाम थम जाएगा। इसके बाद प्रत्याशियों के पास केवल 24 घंटे का समय रहेगा, जिसमें वे अपने स्थानीय समर्थकों के साथ घर-घर जाकर जनसंपर्क कर सकेंगे।
पहले चरण में 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। इन सीटों पर कुल 3 करोड़ 75 लाख 13 हजार 302 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे और 1314 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 6 नवंबर को EVM में बंद हो जाएगा।
चुनाव आयोग ने सभी जिलों के पर्यवेक्षकों (Observers) को स्पष्ट निर्देश दिया है कि मतदान को लोकतंत्र के उत्सव के रूप में मनाया जाए। आयोग ने कहा है कि मतदान केंद्रों पर ऐसा माहौल बनाया जाए जिससे अधिक से अधिक मतदाता मतदान के लिए प्रेरित हों।
इसके साथ ही आयोग ने प्रशासनिक और सुरक्षा एजेंसियों को भी सतर्क रहने का निर्देश दिया है ताकि मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।
पहले चरण के प्रचार में प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। अब मतदान से पहले प्रत्याशी मतदाताओं तक व्यक्तिगत पहुंच बनाकर समर्थन जुटाने में लगे हैं।


















