भगवान बिरसा का जीवन राष्ट्रसेवा और जनकल्याण का अनुपम उदाहरण : आदित्य साहू

रांची: जनजातीय स्वाभिमान, स्वतंत्रता चेतना और उलगुलान के महानायक बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने सोमवार को रांची के कोकर स्थित उनके समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इस अवसर पर आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड के लोग भगवान बिरसा मुंडा को देवता के रूप में पूजते हैं और राज्य में किसी भी महत्वपूर्ण कार्यक्रम की शुरुआत उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर ही की जाती है। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने देश और समाज के लिए अपने प्राणों की आहुति दी तथा अंग्रेजी शासन के शोषण और अत्याचार के खिलाफ विपरीत परिस्थितियों में संघर्ष और उलगुलान का नेतृत्व किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बिरसा मुंडा का संपूर्ण जीवन आदिवासियों की अस्मिता, अधिकारों और स्वाभिमान की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा का जीवन राष्ट्रसेवा, सामाजिक समरसता और जनकल्याण के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है, जो आज भी समाज को प्रेरित करता है।
आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड की धरती भगवान बिरसा के संघर्ष, त्याग और आंदोलनों से सिंचित हुई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में राज्य अनेक चुनौतियों और समस्याओं का सामना कर रहा है। ऐसे में भगवान बिरसा मुंडा से प्रार्थना है कि वे झारखंडवासियों को अन्याय और अत्याचार से मुक्ति दिलाने का आशीर्वाद प्रदान करें।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, रांची के पूर्व डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी योगेन्द्र प्रताप सिंह, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष आरती कुजूर, सीमा सिंह, रांची महानगर महामंत्री जितेंद्र वर्मा, रवि मुंडा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
















