रांची में मतदाता पुनरीक्षण अभियान को मिली रफ्तार, 73.94% एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित

रांची: विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत रांची जिले में मतदाता गणना प्रपत्र (Enumeration Form) के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन का कार्य तेजी से जारी है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर सभी विधानसभा क्षेत्रों में ईआरओ, एईआरओ, बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर लगातार अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
12 जुलाई 2026 को शाम 4 बजे तक जिले के कुल 26,74,681 मतदाताओं में से 19,77,617 एन्यूमरेशन फॉर्म (73.94%) वितरित किए जा चुके हैं। वहीं 6,33,075 फॉर्म (23.67%) का सफलतापूर्वक डिजिटाइजेशन भी पूरा कर लिया गया है।

विधानसभा क्षेत्रों की बात करें तो सिल्ली विधानसभा सबसे आगे है, जहां 96.22 प्रतिशत फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं और 34.13 प्रतिशत फॉर्म डिजिटाइज किए गए हैं। वहीं तमाड़ में 94.40 प्रतिशत, मांडर में 88.56 प्रतिशत और खिजरी में 88.98 प्रतिशत फॉर्म का वितरण पूरा हो चुका है। रांची विधानसभा में 49.25 प्रतिशत तथा हटिया में 55.12 प्रतिशत फॉर्म वितरित किए गए हैं।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को अभियान में और तेजी लाते हुए शत-प्रतिशत फॉर्म वितरण, संग्रहण और समयबद्ध डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
जिला प्रशासन ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे अपना गणना प्रपत्र शीघ्र भरकर संबंधित बीएलओ को जमा करें, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।

















