पटना में वोटर अधिकार यात्रा: राहुल गांधी के साथ हेमंत सोरेन, इंडिया गठबंधन की एकता का होगा प्रदर्शन
पटना : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि वोटर अधिकार यात्रा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की नींद उड़ा दी है। सोमवार को पटना में होने वाली इस यात्रा के समापन समारोह में झारखंड के मुख्यमंत्री व झामुमो अध्यक्ष हेमंत सोरेन, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव एक मंच पर नजर आएंगे। यह अवसर न केवल विपक्षी एकता का प्रतीक होगा, बल्कि इंडिया गठबंधन के शक्ति प्रदर्शन में भी तब्दील होगा।
विनोद पांडेय ने कहा कि यह विशाल रैली लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने आरोप लगाया कि विशेष मतदाता सूची संशोधन (एसआईआर) की प्रक्रिया भाजपा और चुनाव आयोग की साजिश है, जिसका उद्देश्य गरीब, पिछड़े, अल्पसंख्यक, दलित, मजदूर, किसान और आदिवासी मतदाताओं को उनके वोट के अधिकार से वंचित करना है। पांडेय ने कहा, “जनता अब जागरूक हो चुकी है और इस साजिश के खिलाफ सड़कों पर उतरकर लोकतंत्र की रक्षा कर रही है।”
उन्होंने जोर देकर कहा कि हेमंत सोरेन इंडिया गठबंधन के मजबूत स्तंभ हैं। जब संसद में राहुल गांधी की आवाज को दबाने की कोशिश की गई, तब सड़क पर संघर्ष कर संविधान और लोकतंत्र को बचाना और भी जरूरी हो गया है। झामुमो इस अभियान में इंडिया गठबंधन के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है।
विनोद पांडेय ने यह भी दावा किया कि बिहार के आगामी विधानसभा चुनाव में जनता इंडिया महागठबंधन को स्पष्ट बहुमत देगी, जैसा कि 2024 में झारखंड में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में गठबंधन को सत्ता सौंपी गई थी। उन्होंने बताया कि झारखंड विधानसभा ने पहले ही एसआईआर के खिलाफ प्रस्ताव पारित कर इस मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है। हेमंत सोरेन ने इसे लोकतंत्र पर सीधा हमला करार दिया था। बिहार में भी विपक्ष ने एसआईआर को गरीब मतदाताओं को हाशिए पर धकेलने की साजिश बताया है।


















