भाजपा झारखंड प्रदेश अध्यक्ष चुनाव की तैयारियां तेज, केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव रांची पहुंचे
रांची : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) झारखंड इकाई में नए प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है। केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री एवं पार्टी के राज्य चुनाव अधिकारी जुएल उरांव आज रांची पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!एयरपोर्ट पर जुएल उरांव का स्वागत कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू, एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव, प्रदेश महामंत्री एवं सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष विकास प्रीतम, तथा पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर ने किया।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, जुएल उरांव के आगमन के साथ ही प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परिषद के 21 सदस्यों के चुनाव की औपचारिक प्रक्रिया शुरू हो गई है। नामांकन, जांच (स्क्रूटनी) और नाम वापसी की प्रक्रिया 13 जनवरी को प्रदेश भाजपा कार्यालय, रांची में पूरी की जाएगी। यदि प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए केवल एक नामांकन प्राप्त होता है, तो उम्मीदवार को निर्विरोध घोषित कर दिया जाएगा। अन्यथा, 13 जनवरी को मतदान कराया जाएगा और 14 जनवरी (मकर संक्रांति) को नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम की आधिकारिक घोषणा होने की संभावना है।
पार्टी के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू को इस पद के लिए सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है और उनका निर्विरोध निर्वाचित होना लगभग तय माना जा रहा है।
यह चुनाव भाजपा के संगठन पर्व के तहत हो रहा है, जिसमें पार्टी संविधान के अनुसार पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और सुचारु रूप से संपन्न कराई जा रही है। जुएल उरांव को केंद्रीय चुनाव समिति के रिटर्निंग अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण ने झारखंड के लिए विशेष रूप से यह जिम्मेदारी सौंपी है।

















