रांची एवं चक्रधरपुर रेल मंडल की मंडल स्तरीय सांसदों की बैठक सफलतापूर्वक संपन्न, झारखंड की रेल सुविधाओं पर हुई सार्थक चर्चा
रांची : रांची एवं चक्रधरपुर रेल मंडल की मंडल स्तरीय सांसदों की महत्वपूर्ण बैठक आज होटल रेडिसन ब्लू, रांची में सफलतापूर्वक आयोजित की गई। बैठक में दक्षिण पूर्व रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सांसदों एवं उनके प्रतिनिधियों ने दोनों मंडलों के अंतर्गत संचालित एवं प्रस्तावित विकास योजनाओं की समीक्षा की। साथ ही यात्री सुविधाओं के विस्तार, महिला रेल यात्रियों की सुरक्षा, स्टेशन प्रबंधन, स्वच्छता एवं क्षेत्रीय जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर गहन एवं सकारात्मक चर्चा हुई।
बैठक में यात्री-रेलवे समन्वय को और अधिक मजबूत करने तथा झारखंड के रेल ढांचे को आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने पर सभी ने सहमति जताई।
राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा की ओर से उनके अधिकृत प्रतिनिधि अजय राय ने बैठक में सक्रिय भाग लिया। उन्होंने झारखंड से जुड़ी प्रमुख रेल मांगों को मजबूती से रखा। अजय राय ने रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों से जुड़ी ट्रेन परिचालन व्यवस्था, नई ट्रेनों की शुरुआत, मौजूदा ट्रेनों के विस्तार एवं अतिरिक्त ठहराव, यात्री सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण, कोचों की गुणवत्ता में सुधार, मेमू शेड का विस्तार, स्टेशन प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण तथा साफ-सफाई व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को विस्तार से उठाया।
उन्होंने विशेष रूप से वंदे भारत एवं अमृत भारत ट्रेनों के परिचालन, लंबी दूरी की ट्रेनों के विस्तार, महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहराव, रांची रेलवे स्टेशन पर प्रशासनिक मजबूती, एलएचबी कोच में परिवर्तन, मेमू सेवाओं के विस्तार तथा ऑन-बोर्ड हाउसकीपिंग स्टाफ (OBHS) की कार्यप्रणाली पर गंभीर चर्चा की मांग की।
अजय राय ने स्पष्ट किया कि ये सभी मांगें सीधे जनहित, यात्री सुविधा, क्षेत्रीय विकास एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी हैं। उन्होंने रेलवे अधिकारियों से आग्रह किया कि पूर्व में भेजे गए पत्राचार एवं प्रस्तावों पर समयबद्ध एवं व्यावहारिक निर्णय लिया जाए।
दक्षिण पूर्व रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना, कई मांगों पर चल रही प्रगति की जानकारी साझा की तथा शेष विषयों पर नियमानुसार विचार करने का आश्वासन दिया।
अंत में अजय राय ने कहा कि राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा।निरंतर प्रयास कर रहे हैं ताकि झारखंड के यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित, सुलभ एवं समयबद्ध रेल सेवाएं उपलब्ध हो सकें। वे संसद एवं रेलवे से जुड़े सभी मंचों पर झारखंड के रेल हितों को मजबूती से उठाते रहेंगे।
बैठक में प्रमुख रूप से रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, सांसद विद्युत बरन महतो, कालीचरण सिंह, ज्योतिर्मय महतो, ममता मोहंता, जोबा मांझी, सुखदेव भगत, महुआ माजी, दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

















