रांची रेलवे स्टेशन से अपहृत 4 वर्षीय बच्चा साहिबगंज से बरामद, पांच आरोपी गिरफ्तार

रांची: रांची रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर से 24 सितंबर की सुबह अपहृत चार वर्षीय विवान कुमार को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में गठित एसआईटी ने तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए धनबाद रेलवे स्टेशन से एक संदिग्ध को हिरासत में लिया। उसकी निशानदेही पर साहिबगंज के तीनपहाड़ से बच्चे को बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, बच्चे के अपहरण को लेकर चुटिया थाना कांड संख्या 138/26, धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई थी।

जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने 27 सितंबर को धनबाद रेलवे स्टेशन से रोहित मुखर्जी उर्फ डॉन को हिरासत में लिया। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और अन्य सहयोगियों के नाम बताए। इसके बाद साहिबगंज पुलिस के सहयोग से तीनपहाड़ स्थित एक आरोपी के नानी घर से बच्चे को सकुशल बरामद किया गया।

पुलिस ने मामले में रोहित मुखर्जी उर्फ डॉन, बिट्टु कुमार सिंह, छोटु कुमार, जमादार शेख और तसबोर शेख को गिरफ्तार किया है, जबकि एक किशोर को निरुद्ध किया गया है। आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस की जांच में यह बात सामने आने का दावा किया गया है कि रोहित मुखर्जी चोरी के मामलों में जेल भेजे गए बच्चों को जमानत दिलाने में सहयोग करता था। इसके बाद कथित तौर पर लावारिस बच्चों को अपने गिरोह में शामिल कर अलग-अलग शहरों के भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल चोरी करवाता था। पुलिस के अनुसार, चोरी किए गए मोबाइल को बांग्लादेश में खपाया जाता था।

गिरफ्तार आरोपियों में रोहित मुखर्जी उर्फ डॉन (43), बिट्टु कुमार सिंह (19), छोटु कुमार (25), जमादार शेख (40) और तसबोर शेख (45) शामिल हैं। पुलिस ने रोहित मुखर्जी के खिलाफ कोतवाली थाना में वर्ष 2015 का मामला दर्ज होने की जानकारी दी है। वहीं छोटु कुमार के खिलाफ तीनपहाड़ थाना में 2026 का मामला दर्ज है।

रेडियम रोड की दुकान में 15.70 लाख की सिगरेट चोरी का खुलासा, दो गिरफ्तार
रांची: रेडियम रोड स्थित सुवालाल गोपीलाल जैन की दुकान में ताला तोड़कर हुई करीब 15.70 लाख रुपये की सिगरेट चोरी के मामले…

एड्स नियंत्रण को लेकर गुमला में जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक से दिया बचाव का संदेश
निर्मल सिंह गुमला: झारखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति के तत्वावधान में जिले में एड्स नियंत्रण एवं बचाव को लेकर सघन जागरूकता अभियान…
















