झारखण्ड पुलिस मुख्यालय, राँची में 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह-2025: झारखंड को अपराध मुक्त बनाना है : पुलिस महानिदेशक अनुराग गुप्ता, गिनाई उपलब्धियां
झारखण्ड पुलिस मुख्यालय, राँची में 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह-2025: झारखंड को अपराध मुक्त बनाना है : पुलिस महानिदेशक अनुराग गुप्ता, गिनाई उपलब्धियां
राँची, 15 अगस्त : झारखण्ड पुलिस मुख्यालय, राँची में 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में पुलिस महानिदेशक, झारखण्ड ने अपने उद्बोधन में स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए पुलिस बल की वर्ष 2025 की अर्धवार्षिक उपलब्धियों को साझा किया। उन्होंने उपस्थित पुलिसकर्मियों, सहकर्मियों और प्रेस बंधुओं को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।
नक्सल उन्मूलन में उल्लेखनीय सफलता
पुलिस महानिदेशक ने बताया कि जनवरी से जून 2025 तक झारखण्ड पुलिस ने 197 नक्सलियों को गिरफ्तार किया, 10 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया, और 17 नक्सली पुलिस मुठभेड़ में मारे गए। इस अभियान में CRPF के सुनिल कुमार मंडल, सत्यवान कुमार सिंह, परनेश्वर कोच और झारखण्ड जगुआर के सुनील धान सहित 4 पुलिसकर्मी शहीद हुए।
संगठित अपराध और आतंकवाद पर प्रहार
संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई में 12 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि ATS ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन HuT के 5 सक्रिय सदस्यों को पकड़ा।
मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान
वर्ष 2025 के प्रथम छमाही में 484 अभियुक्तों को मादक पदार्थों के अवैध व्यापार में गिरफ्तार किया गया। लगभग 34.09 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जप्त किए गए। साथ ही, 2024-25 में 27,000 एकड़ अफीम की फसल को नष्ट किया गया।
साइबर अपराध पर नकेल
साइबर अपराध के खिलाफ 700 से अधिक अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया और 50 लाख रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति जप्त की गई। प्रतिबिंब ऐप के माध्यम से 474 साइबर अपराधियों को पकड़ा गया। साइबर हेल्पलाइन (1930) के जरिए 16 करोड़ रुपये फ्रीज किए गए और 80 लाख रुपये पीड़ितों के खातों में वापस कराए गए।
जन शिकायत समाधान कार्यक्रम
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार 22 जनवरी और 16 अप्रैल 2025 को आयोजित ‘जन शिकायत समाधान कार्यक्रम’ में 4,000 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3,500 का त्वरित समाधान किया गया। यह कार्यक्रम निरंतर जारी रहेगा।
पुलिस कल्याण और प्रोन्नति
झारखण्ड पुलिस सहाय्य एवं कल्याण कोष से 622 लाभान्वितों को 15 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया। 108 आश्रितों को अनुकंपा आधार पर नियुक्ति दी गई। विभिन्न रैंकों में 64 पुलिस निरीक्षकों, 257 हवलदारों, और अन्य कर्मियों को प्रोन्नति प्रदान की गई। साथ ही, 2,101 पुलिसकर्मियों को ACP/MACP का लाभ दिया गया।
महिला सुरक्षा पर जोर
महिला सुरक्षा के लिए सभी जिलों में महिला हेल्पडेस्क और महिला थाने स्थापित किए गए हैं। महिला हेल्पलाइन नंबर सार्वजनिक स्थलों पर उपलब्ध कराए गए हैं, और “महिला शक्ति कमांडो” का गठन किया गया है।


















