जनता दरबार बनी उम्मीद की किरण, उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की पहल से समस्याओं का त्वरित समाधान
उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में रांची जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया। जमीन हड़पने, म्यूटेशन में देरी, सामाजिक कल्याण योजनाओं और मुआवजे जैसे मुद्दों पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। जनता दरबार में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के साथ-साथ लोगों की शिकायतों को सुनकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
कांके अंचल में जमीन हड़पने का मामला उजागर
जनता दरबार में कांके अंचल के मौजा मदनपुर में मिलीभगत से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमीन हड़पने का प्रयास सामने आया। आवेदक ने बताया कि इस मामले में मानसिक प्रताड़ना और परिवार को भयभीत करने की शिकायत थी। उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने तत्काल जांच के लिए अंचल सब-ऑफिसर (एएसओ) को निर्देश दिए और नियमसंगत कार्रवाई का आदेश जारी किया।
म्यूटेशन में देरी पर कर्मचारी को शो-कॉज
शहर अंचल के करमटोली में रामेश्वर कुमार यादव ने 2020 से म्यूटेशन के लिए प्रयासरत होने की बात कही। भू-माफियाओं द्वारा फर्जी डीड बनाकर उनकी जमीन बेचने का प्रयास किया जा रहा था। जनता दरबार में शिकायत के बाद उपायुक्त के निर्देश पर उनकी समस्या का समाधान हुआ। रामेश्वर ने कहा, “थैंक यू डीसी सर, मेरी जमीन का म्यूटेशन हो गया, भू-माफियाओं का मंसूबा नाकाम हुआ।”
वहीं, रंजीत मोहन ने म्यूटेशन में देरी की शिकायत की। उपायुक्त ने संबंधित कर्मचारी को शो-कॉज नोटिस जारी करने और एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं होने पर प्रपत्र-क गठित करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री कन्यादान योजना का लाभ सुनिश्चित
रामवृक्ष उरांव ने अपनी बेटी की शादी के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। उपायुक्त ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को तत्काल मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत लाभ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
सड़क दुर्घटना मुआवजे और ग्राम प्रधानों की समस्याओं का समाधान
सड़क दुर्घटना में मृतक के पिता ने प्राकृतिक आपदा के तहत मुआवजा भुगतान की मांग की। उपायुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी को बुलाकर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अलावा, ग्राम प्रधान संघ, अनगड़ा ने पिछले एक वर्ष से भुगतान न होने की शिकायत की। कोषागार पदाधिकारी ने बताया कि गलत IFSC कोड के कारण भुगतान रुका था, जिसे सुधारकर भुगतान सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया।
नशे के खिलाफ जागरूकता
उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने जनता दरबार में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान को बढ़ावा दिया। उन्होंने लोगों से नशे के कारोबार की जानकारी अबुआ साथी पर देने की अपील की। साथ ही, महिला आवेदकों से मंईयां सम्मान योजना के लाभ की जानकारी भी ली।
जनता दरबार में बढ़ रही आवेदकों की संख्या
उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री के जनता दरबार में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। राजस्व, पेंशन, प्रमाण-पत्र, स्थानांतरण, और अवैध कब्जे जैसे मामलों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जनता दरबार रांचीवासियों के लिए एक प्रभावी मंच बन गया है, जहां उनकी समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान हो रहा है।

















