रांची में थार चालको की हिम्मत : थार चालक ने पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश, दो पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त
रांची में थार चालको की हिम्मत : थार चालक ने पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश, दो पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रांची : राजधानी रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में बीते शुक्रवार देर रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक काले रंग की थार जीप के चालक ने न केवल पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की, बल्कि पुलिस की दो गाड़ियों को टक्कर मारकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। यह घटना पुराना विधानसभा मैदान के पास रात करीब 12:30 बजे हुई, जब गश्ती दल ने तेज रफ्तार से वाहन चलाने और अभद्र व्यवहार करने की शिकायत पर कार्रवाई की।
घटना का विवरण
पुलिस के अनुसार, गश्ती दल ने देखा कि एक काले रंग की एसयूवी पुराना विधानसभा मैदान में तेज रफ्तार से घुमाई जा रही थी। चालक गंदी-गंदी गालियां दे रहा था। जब पुलिस ने वाहन को रोका, तो कार से चार युवक उतरे और पूछताछ के दौरान उग्र हो गए। उन्होंने पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू कर दी।
स्थिति बिगड़ने पर एएसआई अनिल कुमार राम ने पीसीआर-14 को मौके पर बुलाया। पीसीआर के पहुंचते ही एक युवक ने एएसआई को धक्का देकर गिरा दिया और कार में बैठकर पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। पुलिसकर्मी किसी तरह किनारे हटकर बच गए। इसके बाद चालक ने पेट्रोलिंग गाड़ी और पीसीआर-14 को जोरदार टक्कर मारी, जिससे दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हमलावर इसके बाद कार लेकर फरार हो गया।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने घटनास्थल से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जो धक्का-मुक्की के दौरान गिर गए थे। इन मोबाइल्स के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस काले रंग की थार जीप की पहचान करने में जुटी है। मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
यह कोई पहली घटना नहीं है। कुछ दिन पहले रांची के चुटिया इलाके में भी पुलिस पेट्रोलिंग टीम के साथ ऐसी ही बदसलूकी हुई थी। तब अवैध बालू लदे ट्रक को पकड़ने पर कुछ लोगों ने दबंगई दिखाते हुए पुलिस की गाड़ी को रोककर दुर्व्यवहार किया था और ट्रक छुड़ा ले गए थे। उस मामले में एसएसपी से शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
गौरतलब है की लगातार हो रही ऐसी घटनाएं रांची पुलिस के लिए चुनौती बन रही हैं। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को अब और सख्त कदम उठाने की जरूरत है। इस घटना ने एक बार फिर प्रशासन और पुलिस की तैयारियों पर सवाल खड़े किए हैं।

















