दिल्ली-गोवा इंडिगो फ्लाइट की मुंबई में इमरजेंसी लैंडिंग, इंजन फेल होने से मचा हड़कंप
दिल्ली से गोवा जा रही इंडिगो की फ्लाइट (6E-6271) को तकनीकी खराबी के कारण मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। सूत्रों के अनुसार, विमान का एक इंजन उड़ान के दौरान फेल हो गया, जिसके बाद पायलट ने तुरंत आपातकालीन अलार्म बजाया और विमान को सुरक्षित रूप से मुंबई में उतारा।
जानकारी के मुताबिक विमान को रात 9:42 बजे गोवा के एयरपोर्ट पर उतरना था, लेकिन रात 9:25 बजे पायलट ने इंजन में खराबी का अलार्म बजाया। इसके बाद, मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का पालन करते हुए, पायलट ने मुंबई में फुल इमरजेंसी लैंडिंग का अनुरोध किया। विमान रात 9:52 बजे सुरक्षित रूप से मुंबई एयरपोर्ट पर उतर गया।
इंडिगो एयरलाइंस ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पायलट ने सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी। विमान को उतरने के बाद रखरखाव के लिए निरीक्षण हेतु भेजा गया है। इस घटना में किसी भी यात्री या चालक दल के सदस्य को कोई नुकसान नहीं हुआ।
सूत्रों ने बताया कि यात्रियों को वैकल्पिक उड़ान की व्यवस्था की गई है ताकि उनकी यात्रा में देरी को कम किया जा सके। इस घटना की जांच के लिए डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) को सूचित किया गया है, और तकनीकी खराबी के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू की जाएगी।


















