सिमडेगा में वज्रपात की चपेट में आने से दो की मौत, एक घायल
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : जलडेगा थाना क्षेत्र के लम्बोई बाड़ीसेमर गांव में गुरुवार को वज्रपात की एक दुखद घटना में दो लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। मृतकों की पहचान सुरेश गोड़ और राजकिशोर गोड़ के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों व्यक्ति धान रोपाई के लिए खेत में ट्रैक्टर से जोताई करने गए थे। काम पूरा करने के बाद वे घर लौट रहे थे, तभी अचानक बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान रास्ते में वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वज्रपात इतना भीषण था कि दोनों के शरीर से धुआं उठने लगा।
इस घटना में ट्रैक्टर मालिक टिनगिना निवासी रमेश साय भी वज्रपात की हल्की चपेट में आकर घायल हो गए। वे कुछ देर के लिए बेहोश हो गए थे, लेकिन होश में आने के बाद उन्होंने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही जलडेगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिमडेगा सदर अस्पताल भेज दिया। इस हादसे ने पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ा दी है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

















