कोडरमा घाटी में भीषण सड़क हादसा, कंटेनर की टक्कर से तीन की मौत

कोडरमा घाटी में भीषण सड़क हादसा, कंटेनर की टक्कर से तीन की मौत

Share
Link copied

रांची-पटना मुख्य मार्ग पर कोडरमा घाटी के नौवां माइल के पास गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना बन्दरचुआं के निकट हुई, जब एक कंटेनर ने चार लोगों को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मेघातरी गांव (कोडरमा) के चार लोग ताराघाटी की ओर जा रहे थे। इनमें दो लोग पैदल थे और दो बाइक पर सवार थे। इसी दौरान कोडरमा से बिहार की ओर जा रहे कंटेनर ने चारों को टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों का दावा है कि कंटेनर के ब्रेक फेल होने के कारण यह हादसा हुआ। टक्कर के बाद कंटेनर सड़क किनारे खाई में जा गिरा, जिसमें चालक को हल्की चोटें आईं।

मृतकों की पहचान अकबरपुर (बिहार) निवासी 30 वर्षीय राहुल भुइयां, मेघातरी (कोडरमा) के 13 वर्षीय अमित कुमार और काली मंडा (कोडरमा) के 18 वर्षीय मोहित कुमार के रूप में हुई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल कुशहना (मेघातरी) निवासी 30 वर्षीय अमर भुइयां का इलाज कोडरमा सदर अस्पताल में चल रहा है। स्थानीय लोगों ने घायलों को खाट के सहारे टेंपो से अस्पताल पहुंचाया।

घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। खाई में गिरे कंटेनर को निकालने का कार्य भी जारी है। इस हादसे ने क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow