अपने ही सरकार के काम पर कांग्रेस को असंतोष ,पोटका में भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस का धरना, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण में अनियमितता का आरोप
अपने ही सरकार के काम पर कांग्रेस को असंतोष ,पोटका में भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस का धरना, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण में अनियमितता का आरोप
पोटका : पोटका में 11 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के उद्घाटन से पहले भवन में दरारें और निर्माण कार्य में अनियमितताओं के आरोपों को लेकर स्थानीय कांग्रेस कमेटी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पोटका कांग्रेस कमेटी ने जयराम हांसदा की अगुवाई में चौक पर एक दिवसीय धरना आयोजित किया, जिसमें ठेकेदार और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
धरना स्थल पर पहुंचे पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उच्च स्तरीय जांच का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त किया गया। दुबे ने कहा, “हम इस मामले को गंभीरता से ले रहे हैं। जल्द ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष से मुलाकात कर एक प्रतिनिधि मंडल संबंधित मंत्री से मिलेगा और जांच कमेटी गठित करने की मांग करेगा।”
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि इतनी बड़ी लागत के बावजूद सीएचसी के निर्माण में गुणवत्ता की अनदेखी की गई है, जिससे भवन की मजबूती पर सवाल उठ रहे हैं। इस प्रदर्शन में स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ जनाक्रोश साफ दिखाई दिया।
पोटका कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।


















