नामकुम में कांग्रेस की ‘संवाद चौपाल’, संगठन सृजन अभियान के तहत कार्यकर्ताओं को सौंपी गई जिम्मेदारियां
रांची : रांची जिला ग्रामीण कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत नामकुम प्रखंड कांग्रेस कमिटी द्वारा सरजोमडीह में ग्राम पंचायतों के नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ ‘संवाद चौपाल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने कहा कि यदि देश के प्रत्येक ब्लॉक में कांग्रेस कार्यकर्ता सक्रिय हो जाएं, तो निश्चित रूप से राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री बन सकते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि देश में गरीबों और वंचितों की आवाज सुनने वाला एकमात्र नेता राहुल गांधी हैं।
के. राजू ने संगठन को मजबूत करने पर बल देते हुए पंचायत और ब्लॉक स्तर पर नियमित मासिक बैठकों का आयोजन करने की आवश्यकता जताई, ताकि जमीनी समस्याओं को समझकर उनके समाधान की दिशा में कार्य किया जा सके। उन्होंने आंध्र प्रदेश में महिला संगठनों की मिसाल देते हुए बताया कि महिलाओं की सांगठनिक शक्ति ने वहां कांग्रेस को मजबूत आधार प्रदान किया। साथ ही, उन्होंने जानकारी दी कि निकट भविष्य में झारखंड में पेसा कानून लागू होने की संभावना है, जिससे ग्राम प्रधानों और पंचायत प्रतिनिधियों को और अधिक अधिकार प्राप्त होंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने ग्राम प्रधानों, मुखियाओं, जिला परिषद सदस्यों, महिला समितियों, मनरेगा कर्मियों और विस्थापन की समस्याओं को उठाने वाले प्रतिनिधियों की बातें ध्यानपूर्वक सुनीं और उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता के घर पर पार्टी का झंडा फहराना चाहिए और ग्राम पंचायत स्तर पर समितियों का गठन होना चाहिए। साथ ही, सभी बी.एल.ए. को वोटर लिस्ट उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि मतदाता सूची को अद्यतन करने और मृतकों के नाम हटाने का कार्य गंभीरता से हो सके। कमलेश ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का स्मरण करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से ही मतदान की आयु 21 से घटाकर 18 वर्ष की गई, जिससे युवा लोकतंत्र में भागीदार बन सके। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह “वोट चोर सरकार” लोकतंत्र को कमजोर कर रही है।
विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने जनप्रतिनिधियों से प्राप्त शिकायतों पर चिंता जताई और केंद्र सरकार की तुलना एक खराब जनरेटर से की, जो रोशनी तो देता है, लेकिन मशीन खराब हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार गैर-भाजपा शासित राज्यों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है और चुनाव आयोग की मिलीभगत से भाजपा ने देशभर में वोट चोरी की है, जिसका पर्दाफाश राहुल गांधी ने किया। उन्होंने बिहार की ‘वोट अधिकार यात्रा’ का जिक्र करते हुए कार्यकर्ताओं से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की।
विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप ने कहा कि झारखंड की जनता महंगाई, बेरोजगारी और विस्थापन जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन केंद्र सरकार इन मुद्दों पर चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने कांग्रेस को गांव-गांव तक जनता की आवाज उठाने वाला एकमात्र विकल्प बताया और कहा कि संगठन सृजन अभियान केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर पंचायत और गांव में जाकर जनता के बीच विश्वास और संवाद को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रांची जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. राकेश किरण महतो ने की, जिन्होंने उपस्थित सभी पदाधिकारियों, प्रखंड अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों, पंचायत कमेटी सदस्यों और बी.एल.ए. का आभार जताया। कार्यक्रम में विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार बालमुचू, पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर, राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष जयशंकर पाठक, मीडिया विभाग के अध्यक्ष सतीश पॉल मुंजनी, विधायक प्रतिनिधि सह प्रभारी सतीश पंडा, कार्यक्रम प्रभारी सुनील उरांव, जिला उपाध्यक्ष माधो कच्छप, प्रखंड अध्यक्ष विजय टोप्पो, जिला परिषद सदस्य रीता होरो सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

















