रांची पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी करने वाले गिरोह का किया भंडाफोड़, 5 अपराधी गिरफ्तार
रांची पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए ट्रैक्टर चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह रांची जिले के विभिन्न क्षेत्रों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
अनगड़ा थाना क्षेत्र के गेतलसुद गांव निवासी तिरथनाथ महतो ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनके घर के सामने खड़ा जॉन डियर ट्रैक्टर (रजिस्ट्रेशन नं. JH01DM 2098) 7-8 जुलाई की रात को चोरी हो गया। शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक, सिल्ली के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी शाखा और गुप्त सूचनाओं के आधार पर जांच शुरू की गई। 29 अगस्त को बोकारो जिले के महुआटाँड़ थाना क्षेत्र से दो मुख्य आरोपियों, आदित्य करमाली उर्फ बिलाई (23 वर्ष) और होनी कुमार मुण्डा (32 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध कबूल किया और अपने साथियों के बारे में जानकारी दी।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने तीन अन्य अपराधियों को भी धर दबोचा। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने चोरी किया गया ट्रैक्टर, एक ट्रॉली और पांच मोबाइल फोन बरामद किए।


















