जामताड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: साइबर अपराधी गिरफ्तार, भारी मात्रा में फर्जी सामग्री बरामद

जामताड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: साइबर अपराधी गिरफ्तार, भारी मात्रा में फर्जी सामग्री बरामद

Share
Link copied

जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर करमाटाँड़ थाना क्षेत्र के बरियारपुर-कालाझरिया रोड के पास मुर्गाबनी गांव में छापामारी की गई। इस कार्रवाई में साइबर अपराधी अकबर हुसैन (उम्र 40 वर्ष, पिता मरहूम अब्दुल जब्बार, निवासी नावाडीह, टोला थंडारडीह, थाना करमाटाँड़, जामताड़ा) को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस निरीक्षक-सह-थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो के नेतृत्व में पु.नि. प्रशांत कुमार, पु.नि. अमृत कुमार राम, पु.अ.नि. बिनोद सिंह, स.अ.नि. ईश्वर मरांडी और अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने यह ऑपरेशन किया। छापामारी के दौरान अभियुक्त के पास से 2 मोबाइल फोन, 377 सिम कार्ड, 3 एटीएम कार्ड, 1 आधार कार्ड और 1 इंडिगो फ्लाइट टिकट बरामद किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ जामताड़ा साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 61/25, दिनांक 16.09.2025 दर्ज किया गया है। इस मामले में बी.एन.एस. 2023 की धारा 111(2)(b)/111(3)/111(4)/317(2)/317(4)/317(5)/318(4)/319(2)/336(3)/338/340(2)/3(5) और आईटी एक्ट की धारा 66(B)(C)(D) के साथ-साथ टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 की धारा 42(3)(e) के तहत कार्रवाई की गई है। अभियुक्त को जेल भेजा जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, अकबर हुसैन एक साइबर अपराध सिंडिकेट का हिस्सा है, जो फर्जी सिम कार्ड और एटीएम कार्ड का इस्तेमाल कर साइबर अपराध को अंजाम देता है। यह गिरोह फर्जी दस्तावेजों के जरिए सिम और एटीएम कार्ड प्राप्त करता है और इन्हें 1,500 से 2,500 रुपये में अन्य साइबर अपराधियों को बेचता है। इनका कार्यक्षेत्र मुख्य रूप से असम और पश्चिम बंगाल में फैला हुआ है।

अकबर हुसैन का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पहले भी जामताड़ा साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 33/21, दिनांक 30.04.2021 के तहत भा.द.वि. की धारा 414/419/420/467/468/471/120(B) और आईटी एक्ट की धारा 66(B)(C)(D) के तहत मामला दर्ज हो चुका है, जिसमें वह आरोपित है।

जामताड़ा पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर अपराधियों के खिलाफ सख्ती और बढ़ती नजर आ रही है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे साइबर ठगी से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow