blinkit-delivery-workers-raise-voice-low

कम कमाई और सुविधाओं की कमी से नाराज ब्लिंकिट डिलीवरी वर्करों ने उठाई आवाज, बिरसानगर में जुटे 70 युवा

Share
Link copied
blinkit-delivery-workers-raise-voice-low
blinkit-delivery-workers-raise-voice-low

जमशेदपुर: कम कमाई, घटते ऑर्डर और बुनियादी सुविधाओं की कमी से परेशान ब्लिंकिट के डिलीवरी वर्करों ने कंपनी के प्रति नाराजगी जताई है। सोमवार को बिरसानगर के गुड़िया मैदान में करीब 60 से 70 डिलीवरी वर्कर जुटे और अपनी समस्याओं को लेकर आवाज उठाई। उन्होंने भुगतान दर में सुधार करने के साथ बीमा, सुरक्षा कार्ड और नौकरी से जुड़े जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने की मांग की।

Advertisment
Advertisment

डिलीवरी वर्कर जॉनी मशीह ने कहा कि कर्मचारी घंटों मेहनत करने और सड़क पर जोखिम उठाकर सामान पहुंचाने के बावजूद पर्याप्त कमाई नहीं कर पा रहे हैं। लंबे समय से इस काम में लगे युवाओं की आमदनी में भी अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। उनका आरोप है कि डिलीवरी वर्करों को पर्याप्त बीमा और सुरक्षा सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। नौकरी से संबंधित लिखित दस्तावेजों की कमी भी उनकी परेशानी बढ़ा रही है।

Advertisment
Advertisment

डिलीवरी वर्करों के अनुसार, ऑर्डर की संख्या में कमी और भुगतान दर घटने से उनकी आमदनी प्रभावित हुई है। कर्मचारियों की संख्या बढ़ने के कारण पुराने वर्करों को भी पर्याप्त ऑर्डर नहीं मिल पा रहे हैं। उनका कहना है कि पहले एक घंटे में 80 से 90 रुपये तक की कमाई हो जाती थी, लेकिन अब कई बार यह घटकर 40 से 50 रुपये प्रति घंटे रह गई है। ऑर्डर के इंतजार में समय बिताने के बावजूद कमाई उम्मीद के मुताबिक नहीं हो पा रही है।

Advertisment
Advertisment

कर्मचारियों ने कहा कि रोजगार से जुड़े होने के बावजूद कम आमदनी के कारण घर का खर्च चलाना और अपनी जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कंपनी प्रबंधन से भुगतान दर बढ़ाने, मेहनत के अनुरूप उचित पारिश्रमिक देने और बीमा व सुरक्षा संबंधी सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की। डिलीवरी वर्करों का कहना है कि उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए, ताकि वे बेहतर परिस्थितियों में काम कर सकें और अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।

ABOUT THE AUTHOR
अश्वनी पाठक

अश्वनी पाठक

रिपोर्टर

अश्वनी पाठक जमशेदपुर निवासी हैं और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने न्यूज मीडिया किरण के माध्यम से पत्रकारिता की शुरुआत की। वाणिज्य में ऑनर्स (बी.कॉम) की शिक्षा पूरी करने के बाद वर्तमान में एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ वे कानून की शिक्षा भी प्राप्त कर रहे हैं।