रांची में पुलिस की सघन चेकिंग अभियान में दो अपराधी गिरफ्तार, देशी कट्टा और कारतूस बरामद

रांची पुलिस ने अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। दिनांक 25 सितंबर 2025 को वरीय पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर संध्या गश्ती दल ने रांची-खूंटी मार्ग पर बारह गाईल चौक के पास नाकाबंदी कर एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से एक लोडेड देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार, रात करीब 22:25 बजे खूंटी की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर JH01EY6471) को गश्ती दल ने रुकने का इशारा किया। मोटरसाइकिल सवार ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन सशस्त्र बलों की त्वरित कार्रवाई से दोनों व्यक्तियों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल चला रहे व्यक्ति के कंधे पर टंगे बैग से गमछे में लपेटा हुआ एक लोडेड देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

बरामद सामान को विधिवत जब्त कर लिया गया और दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में धुर्वा (तुपुदाना) थाना में कांड संख्या 255/25, दिनांक 25.09.2025, धारा 25(1-b)a/26/35 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।


















