पलामू में बैंकों की सुरक्षा जांच, सीसीटीवी से लेकर सायरन तक का लिया जायजा

मेदिनीनगर: पलामू जिले में बैंकिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रविवार को सभी थाना क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा ऑडिट अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर थाना पुलिस की टीमों ने अपने-अपने क्षेत्र के बैंकों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से जांच की।

निरीक्षण के दौरान पुलिस टीमों ने बैंक परिसरों में लगे सीसीटीवी कैमरों, रिकॉर्डिंग सिस्टम, सायरन, फायर अलार्म और आपातकालीन बटन की स्थिति की जानकारी ली। इसके साथ ही सुरक्षा गार्ड की तैनाती, बैंक के प्रवेश और निकास द्वार तथा परिसर की अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। बैंक के आसपास के इलाकों में भी पुलिस ने निगरानी की और संदिग्ध गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटाई।

पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधकों और कर्मचारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी। सभी सीसीटीवी कैमरों को 24 घंटे चालू रखने और रिकॉर्डिंग को सुरक्षित रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही किसी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी मिलने पर तत्काल स्थानीय थाना पुलिस को सूचना देने को कहा गया।

बैंक कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए नियमित रूप से मॉक ड्रिल आयोजित करने और सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन करने के लिए भी कहा गया। पुलिस के अनुसार बैंक लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा की जा रही है।

पलामू पुलिस ने कहा कि बैंक ग्राहकों और कर्मचारियों की सुरक्षा प्राथमिकता है। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए आने वाले दिनों में भी बैंकों का निरीक्षण और सुरक्षा ऑडिट जारी रहेगा।

पत्नी ने रची पति की हत्या की साजिश, युवती बनकर फोन कराया और जंगल में बुलाकर घोंट दिया गला, सात गिरफ्तार
पलामू: लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के एकता जंगल से 23 सितंबर को बरामद अज्ञात शव की पहचान और हत्या की गुत्थी पुलिस ने…

एसआईआर के खिलाफ 28 सितंबर को राज्यभर में आंदोलन करेगी कांग्रेस
रांची: झारखंड कांग्रेस ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया को लेकर निर्वाचन आयोग के खिलाफ 28 सितंबर को…
















