महिलाओं के सशक्तिकरण से ही समाज का उत्थान संभव : जोसिमा खाखा

महिलाओं के सशक्तिकरण से ही समाज का उत्थान संभव : जोसिमा खाखा

Share
Link copied

शंभू कुमार सिंह 

सिमडेगा : सहयोग आशा फाउंडेशन ट्रस्ट के तत्वावधान में बुधवार को नगर भवन में आयोजित कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया गया। मुख्य अतिथि जिप सदस्य एवं कांग्रेस महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष जोसिमा खाखा ने कहा कि महिला सशक्तिकरण कोई नारा नहीं, बल्कि समाज की वास्तविक ताकत है। महिलाएं आत्मनिर्भर बनेंगी, तभी परिवार और समाज का सच्चा विकास होगा।

जोसिमा खाखा ने संस्था की सराहना करते हुए कहा कि सहयोग आशा फाउंडेशन ट्रस्ट सिमडेगा जिले के अलावा दिल्ली एवं अन्य शहरों में रह रहे झारखंडी आदिवासी समुदाय और मजदूर वर्ग की बेहतरी के लिए लगातार कार्यरत है। उन्होंने संस्था से आग्रह किया कि अधिक से अधिक महिलाओं को स्वरोजगार, हस्तशिल्प, लघु उद्योग और कौशल विकास से जोड़ा जाए, ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त होकर परिवार की रीढ़ बन सकें।

उन्होंने कहा, “बदलाव बाहर से नहीं आता, यह हम सबके भीतर से शुरू होता है। जब महिला आगे बढ़ती है, तो पूरा समाज आगे बढ़ता है।” कार्यक्रम में जिले में हाल के दिनों में डूबने से हो रही मौतों पर गहरी चिंता व्यक्त की गई। जोसिमा खाखा ने महिलाओं से सतर्क एवं जागरूक रहने की अपील की और कहा कि समाज में सुरक्षा एवं जनजागरूकता दोनों आवश्यक हैं, ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लग सके।

कार्यक्रम में बताया गया कि संस्था महिलाओं को सिलाई, कढ़ाई, साबुन, सर्फ, मोमबत्ती निर्माण आदि का प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार से जोड़ रही है। इसके अलावा राशन वितरण, वस्त्र वितरण, कंबल वितरण जैसी योजनाएं भी संचालित की जा रही हैं।

कार्यक्रम में जिप सदस्य समरोम पौल तोपनो, संस्था के संस्थापक मिथिलेश कुमार चंद्रवंशी, सचिव विजय उरांव, कोषाध्यक्ष संजय राम, संरक्षक राजकुमार चंद्रवंशी, पूनम लकड़ा, एथन एजेलेता कंडुलना, सुनिता एक्का, दीपक टेटे, शोभेन टेटे, धर्मदास डुंगडुंग, अगुस्ता डुंगडुंग, संजय बा:, सरोजनी लकड़ा, जसिंता देवी, सुनीता देवी, कौशल्या देवी, शोभेन तिग्गा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow