झारखंड स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूरे होने पर साइकिल रैली का आयोजन, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने दिखाई हरि झंडी
रांची : झारखंड राज्य स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में राज्य सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में आज रांची में भव्य साइकिल रैली का शुभारंभ हुआ। पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार ने मोराबादी मैदान स्थित बापू वाटिका से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!यह साइकिल रैली रांची से शुरू होकर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली खूंटी के ऊलिहातू गांव तक जाएगी। रैली में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे राज्य की एकता और विकास के प्रति जनसमर्थन झलका।
मौके पर मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा, “यह बेहद खुशी की बात है कि जिन पूर्वजों ने अलग राज्य के लिए संघर्ष करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया, आज उन्हीं के संघर्ष के फलस्वरूप झारखंड आगे बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है।” उन्होंने आगे कहा कि इस रैली के माध्यम से झारखंड के गांव-गांव तक संदेश पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।
मंत्री ने राज्य सरकार की मंशा स्पष्ट करते हुए कहा कि झारखंड को समृद्ध, विकसित और सबल राज्य बनाने का संकल्प लिया गया है। इस आयोजन से राज्यवासियों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
रैली के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और विभिन्न स्थानों पर जलपान की व्यवस्था भी की गई। यह कार्यक्रम झारखंड की सांस्कृतिक विरासत और विकास यात्रा को समर्पित है।















