20251215 210033

संजय सरावगी बने बिहार भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष, दिलीप जायसवाल की लेंगे जगह

पटना : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बिहार इकाई में बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए दरभंगा सदर से छह बार के विधायक संजय सरावगी को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। वे निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल की जगह लेंगे, जो वर्तमान में नीतीश कुमार सरकार में उद्योग मंत्री हैं।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने संजय सरावगी को यह जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी अधिसूचना में कहा गया है कि यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।

संजय सरावगी वैश्य समुदाय से आते हैं, जो भाजपा का कोर वोट बैंक माना जाता है। मिथिलांचल क्षेत्र में वे पार्टी के पुराने और चर्चित चेहरे हैं। हालिया बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की बड़ी जीत के बाद इस नियुक्ति को सामाजिक संतुलन और संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस बार सरावगी को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिली थी, जिसके बाद संगठन में बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने की अटकलें लगाई जा रही थीं।

संजय सरावगी का राजनीतिक सफर

संजय सरावगी का जन्म 28 अगस्त 1969 को दरभंगा में हुआ था। उन्होंने एमकॉम और एमबीए की डिग्री हासिल की है। उनकी राजनीतिक यात्रा छात्र जीवन से शुरू हुई, जहां वे लगभग 10 वर्षों तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) में विभिन्न पदों पर रहे।

संजय सरावगी 1999 में भाजपा के जिला मंत्री बने, 2001 में दरभंगा नगर मंडल भाजपा के अध्यक्ष बने, 2002 में दरभंगा नगर निगम के वार्ड नंबर 6 से पार्षद निर्वाचित और 2003 में दरभंगा जिला भाजपा के महामंत्री बनाए गए।

विधानसभा स्तर पर उनका सफर फरवरी 2005 से शुरू हुआ, जब वे पहली बार दरभंगा सदर सीट से विधायक चुने गए। इसके बाद नवंबर 2005, 2010, 2015, 2020 और 2025 में लगातार जीत दर्ज की। इस तरह वे छह बार के विधायक हैं।

संजय सरावगी 2017-2018 में बिहार विधानसभा की प्राक्कलन समिति के सभापति रहे और फरवरी 2025 में नीतीश सरकार में राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री बने। वे हालिया मंत्रिमंडल में शामिल नहीं हैं।

सरावगी को पार्टी में साफ-सुथरी छवि और जमीनी पकड़ वाले नेता के रूप में जाना जाता है। वे बिहार भाजपा गौवंश प्रकोष्ठ के संयोजक भी रह चुके हैं। नियुक्ति के बाद संजय सरावगी ने कहा, “पार्टी मेरे लिए मां के समान है। मैं ईमानदारी, निष्ठा और धैर्य के साथ पार्टी को मजबूत करने का काम करूंगा।”

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी सरावगी को बधाई दी है। पार्टी कार्यकर्ताओं में इस नियुक्ति से नया उत्साह देखा जा रहा है। यह बदलाव भाजपा की ‘एक व्यक्ति एक पद’ की नीति के अनुरूप भी है।

Share via
Share via