आजसू पार्टी की दो दिवसीय प्रदेश कार्यशाला का समापन, 57 विधायकों वाली सरकार से जनता का भरोसा उठा : सुदेश महतो

आजसू पार्टी की दो दिवसीय प्रदेश कार्यशाला का समापन, 57 विधायकों वाली सरकार से जनता का भरोसा उठा : सुदेश महतो

Share
Link copied

रांची : आजसू पार्टी की दो दिवसीय झारखंड प्रदेश स्तरीय प्रखंड अध्यक्ष कार्यशाला का समापन आज सांडी, रामगढ़ के कम्युनिटी सेंटर में हुआ। कार्यशाला में प्रखंड अध्यक्षों ने संगठन को मजबूत करने पर व्यापक मंथन किया तथा ग्राम स्तर तक संगठन के पुनर्गठन की रणनीति तैयार की गई। इस अवसर पर झारखंड के सभी जिला, प्रखंड एवं नगर समितियों के अध्यक्ष एवं प्रभारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यशाला को संबोधित करने वालों में केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो, केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, पूर्व मंत्री एवं प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस, विधायक निर्मल महतो, डॉ. लंबोदर महतो, डॉ. देवशरण भगत, प्रवीण प्रभाकर, हसन अंसारी, हरेलाल महतो, दीपक महतो, बसंत महतो आदि प्रमुख थे। स्वागत भाषण जिलाध्यक्ष दिलीप दांगी ने किया।

कार्यशाला के समापन सत्र की शुरुआत में केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने पार्टी ध्वज फहराया तथा शहीद वेदी पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद दीप प्रज्वलन कर सत्र का शुभारंभ किया।

अपने संबोधन में सुदेश महतो ने कहा कि राज्य वर्तमान में चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहा है। 57 विधायकों वाली वर्तमान सरकार से जनता का भरोसा पूरी तरह उठ चुका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आजसू पार्टी राज्य को नेतृत्व देने के लिए तैयार है, इसलिए संगठन की धार को और तेज करें। जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत बनाएं तथा जनमुद्दों पर संघर्ष तेज करें। पार्टी कार्यकर्ता आजसू की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं।

सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि पूरे राज्य में पार्टी को मजबूत करने एवं सभी प्रखंडों में सक्रियता बढ़ाने का कार्य करें। आजसू ने सदैव जनता के हक की आवाज बुलंद की है। छात्रवृत्ति मुद्दे पर आजसू छात्र संघ का आंदोलन काफी प्रभावी साबित हुआ है।

पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस ने कहा कि योजनाबद्ध तरीके से संगठन मजबूती की दिशा में आगे बढ़ें। सुदेश महतो सदैव बेदाग नेता रहे हैं। केंद्रीय महासचिव डॉ. लंबोदर महतो ने विशेष मतदाता पुनरीक्षण की बारीकियों पर प्रकाश डाला तथा चुनाव आयोग को सहयोग करने की अपील की।

केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने कहा कि आजसू ने संघर्ष कर अलग राज्य की प्राप्ति कराई है। झामुमो हमेशा झारखंड विरोधी राजद-कांग्रेस के साथ रही है। विधायक निर्मल महतो ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि यह कार्यशाला संगठन मजबूती की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow