चांडिल में सनसनीखेज हत्या: मुर्गा पाड़ा से लौटते समय कुख्यात अपराधी विजय तिर्की को मारी गोली, पत्नी ने जमीन विवाद में चार लोगों पर लगाया आरोप
चांडिल में सनसनीखेज हत्या: मुर्गा पाड़ा से लौटते समय कुख्यात अपराधी विजय तिर्की को मारी गोली, पत्नी ने जमीन विवाद में चार लोगों पर लगाया आरोप
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सरायकेला-खरसावां, 24 दिसंबर : झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत हारुडीह (चिलगू) गांव में बुधवार शाम को एक सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी। स्थानीय मुर्गा पाड़ा (साप्ताहिक आयोजन) से लौट रहे युवक विजय तिर्की (बिजय तिर्की) की अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी। घटना में विजय का एक साथी भी गोली लगने से घायल हो गया, जिसका इलाज जारी है।
मृतक विजय तिर्की जमशेदपुर के मानगो बारिश कॉलोनी रोड नंबर-4 का निवासी था। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, विजय का आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले अपराध की दुनिया से जुड़ा था और कई मामलों में जेल भी जा चुका था। हालांकि, हाल के वर्षों में वह अपराध से दूरी बनाकर जमीन के कारोबार में सक्रिय था।घटना की जानकारी मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर पहले से घात लगाए बैठे थे और विजय को देखते ही उन पर एक के बाद एक कई गोलियां दागीं, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर मुर्गा पाड़ा में अफरा-तफरी मच गई और हमलावर मौके से फरार हो गए।पत्नी का गंभीर आरोप: हत्या के बाद मृतक की पत्नी सिवानी तिर्की ने पुलिस को दिए बयान में बड़ा खुलासा किया है।
सिवानी ने बताया कि विजय को पहले से ही अपनी जान का खतरा था। उसने आशंका जताई थी कि यदि उसकी हत्या होती है तो इसमें चौड़ा राजू, रड़गांव का लंगड़ा, मोनू और तमोलिया निवासी संतोष शामिल होंगे। सिवानी के अनुसार, जमीन कारोबार में पैसे की हिस्सेदारी को लेकर इन लोगों से पुराना विवाद चल रहा था, जो हत्या का मुख्य कारण बना।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और नामजद आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी गई है। पुरानी रंजिश या गैंगवार की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।

















