हजारीबाग केंद्रीय जेल से तीन कैदियों के फरार होने से हड़कंप, जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल

हजारीबाग केंद्रीय जेल से तीन कैदियों के फरार होने से हड़कंप, जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल

Share
Link copied

हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारा से तीन कैदियों के फरार होने की घटना सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, ये तीनों कैदी धनबाद जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया गया है और कैदियों की तलाश के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है।

प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ है कि तीन।कैदी किसी तरह जेल की सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर भागने में सफल रहे। हालांकि, फिलहाल यह पता नहीं चल सका है कि ये कैदी किस आपराधिक मामले में सजा काट रहे थे या वे विचाराधीन कैदी थे। जेल प्रशासन की ओर से इस संबंध में विस्तृत जानकारी अभी साझा नहीं की गई है।

यह घटना जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। पुलिस ने आसपास के जिलों में भी अलर्ट जारी किया है और सीमावर्ती क्षेत्रों में नाकाबंदी की गई है। फरार कैदियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है।

जेल सूत्रों का कहना है कि कैदियों के भागने का तरीका अभी जांच का विषय है। प्रशासन ने मामले की गहन जांच के आदेश दिए हैं और जल्द ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow