रांची में दूसरा ऑल इंडिया जजेस बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026 का भव्य शुभारंभ
रांची : झारखंड उच्च न्यायालय के तत्वावधान में आयोजित 2nd All India Judges Badminton Tournament 2026 का आज ठाकुर विश्वनाथ शहदेव इंडोर स्टेडियम, खेलगांव, रांची में विधिवत शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि झारखंड उच्च न्यायालय न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान, न्यायमूर्ति रोंगोन मुखोपाध्याय, न्यायमूर्ति अनुभा रावत चौधरी तथा भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान निक्की प्रधान ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर टूर्नामेंट का उद्घाटन किया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आपसी सहयोग को मजबूत करने का माध्यम भी हैं। ऐसे आयोजन न्यायपालिका के सदस्यों को अपने कर्तव्यों के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा प्रदान करते हैं।
यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित बैडमिंटन प्रतियोगिता 03 से 04 जनवरी 2026 तक खेलगांव परिसर स्थित ठाकुर विश्वनाथ शहदेव इंडोर स्टेडियम में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में देश के 09 विभिन्न उच्च न्यायालयों – झारखंड, इलाहाबाद, मद्रास, तेलंगाना, ओडिशा, बॉम्बे, राजस्थान, केरल तथा कर्नाटक से कुल 31 माननीय न्यायाधीश हिस्सा ले रहे हैं। मुकाबले मेन्स सिंगल्स, मेन्स डबल्स, वीमेन्स सिंगल्स और मिक्स्ड डबल्स – इन चार श्रेणियों में खेले जाएंगे।
टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य न्यायपालिका से जुड़े पदाधिकारियों के बीच खेल भावना, आपसी सौहार्द, शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देना है। उद्घाटन अवसर पर भारतीय महिला हॉकी टीम की स्टार खिलाड़ी निक्की प्रधान की उपस्थिति ने समारोह को और विशेष बना दिया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, रांची के उत्कृष्ट प्रबंधन की सराहना की गई। इस अवसर पर न्यायमूर्ति रोंगोन मुखोपाध्याय ने उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री को सम्मानित किया।
अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बैडमिंटन कोर्ट, खिलाड़ियों के लिए विश्राम कक्ष, चिकित्सा सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

















