बार संचालकों के साथ SSP राकेश रंजन की बैठक, स्टाफ-बाउंसर का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य, विवाद की तुरंत सूचना देने के निर्देश

बार संचालकों के साथ SSP राकेश रंजन की बैठक, स्टाफ-बाउंसर का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य, विवाद की तुरंत सूचना देने के निर्देश

Share
Link copied

रांची : राजधानी रांची में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा बारों में होने वाली घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) राकेश रंजन ने शहर के बार संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। यह बैठक कोतवाली थाना परिसर में आयोजित हुई, जिसमें शहर के लगभग सभी बार संचालक उपस्थित हुए।

बैठक में कोतवाली डीएसपी, सदर डीएसपी सहित कई थाना प्रभारियों और अन्य पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी रही। SSP राकेश रंजन ने बार संचालकों को कई सख्त दिशा-निर्देश दिए, जिनका पालन न करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

मुख्य निर्देश :
– बार में कार्यरत सभी स्टाफ सदस्यों, विशेष रूप से बाउंसरों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से कराना होगा। बिना वेरिफिकेशन के किसी कर्मचारी को काम पर रखने की मनाही है।
– बार के अंदर होने वाली किसी भी मारपीट, छोटे-मोटे विवाद या झगड़े की सूचना तुरंत स्थानीय थाने को देनी होगी। इससे पुलिस समय पर पहुंचकर कार्रवाई कर सकेगी और विवाद सड़क पर फैलने से रोका जा सकेगा।

SSP ने स्पष्ट किया कि इन निर्देशों का उद्देश्य शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखना है। बार संचालकों से अपेक्षा की गई है कि वे इन नियमों का सख्ती से पालन करें, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह बैठक रांची पुलिस की ओर से शहर में बढ़ते अपराधों और बारों से जुड़ी घटनाओं पर नियंत्रण करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। बार संचालकों ने इन निर्देशों का स्वागत किया और सहयोग का आश्वासन दिया।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow