सिमडेगा की बेटियों ने रचा इतिहास: महामना हॉकी गोल्ड कप U-16 में गोल्ड जीतकर बनाईं अपराजेय बादशाहत!
शंभू कुमार सिंह
राजगीर (बिहार) : झारखंड की हॉकी नर्सरी सिमडेगा ने एक बार फिर अपनी शानदार प्रदर्शन से पूरे देश को गौरवान्वित किया है। महामना हॉकी गोल्ड कप अंडर-16 बालिका वर्ग में सिमडेगा की बालिका टीम ने फाइनल में उत्तर प्रदेश की गोरखपुर टीम को 2-0 से पराजित कर गोल्ड कप अपने नाम किया। दोनों गोल राजमुनी कुमारी ने दागे, जबकि फाइनल में अनुप्रिया एक्का को बेस्ट प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया और 11,000 रुपये नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इस प्रतियोगिता में सिमडेगा टीम अपराजेय रही। टीम ने कुल 5 मैच खेले और सभी में जीत दर्ज की। कुल 16 गोल किए गए जबकि केवल 1 गोल अपने विरुद्ध हुआ।
टीम के प्रदर्शन की झलक:
* पहले मैच: BSSA टीम को 3-0 से हराया (बेस्ट प्लेयर: सानिया तिर्की)
* दूसरे मैच: ओलंपियन विवेक हॉकी अकादमी (उत्तर प्रदेश) को 5-1 से मात दी (बेस्ट प्लेयर: अनुप्रिया एक्का)
* तीसरे मैच: छत्तीसगढ़ को 2-0 से हराया (बेस्ट प्लेयर: प्रियंका कुमारी)
* सेमीफाइनल: अपने राज्य की खूंटी टीम को 4-0 से पराजित किया (3 गोल राजमुनी कुमारी, 1 गोल सानिया तिर्की; बेस्ट प्लेयर: राजमुनी कुमारी)
* फाइनल: गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) को 2-0 से हराया (दोनों गोल राजमुनी कुमारी; बेस्ट प्लेयर: अनुप्रिया एक्का)
प्रत्येक मैच में सिमडेगा की खिलाड़ियों को बेस्ट प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला, जिससे कुल 31,000 रुपये नकद जीते गए। विजेता टीम को आयोजकों की ओर से 1 लाख रुपये नकद, ट्रॉफी, प्रत्येक खिलाड़ी को मेडल, मोमेंटो और अंगवस्त्र प्रदान किए गए। सिमडेगा पहुंचने पर टीम को शानदार स्वागत भी मिला।
यह उपलब्धि सिमडेगा की हॉकी परंपरा को और मजबूत करती है। 1 जनवरी 2025 से अब तक सिमडेगा की बेटियों ने 8 प्रतियोगिताओं में प्रथम और 1 में द्वितीय स्थान हासिल किया है। सितंबर 2013 से जनवरी 2026 तक ऑल इंडिया स्तर की सभी प्रतियोगिताओं में सिमडेगा महिला टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर एक अनोखा रिकॉर्ड बनाया है।
टीम अनुशासन, उम्दा खेल, बेहतरीन पासिंग और समन्वय के दम पर न केवल जीत हासिल करती है, बल्कि दर्शकों से वाहवाही भी बटोरती है। यह जीत हॉकी सिमडेगा की “नर्सरी” वाली पहचान को साबित करती है और झारखंड के खेल जगत के लिए गर्व का विषय है।


















