राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) में बड़ा संगठनात्मक बदलाव: तेजस्वी यादव बने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष
राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) में बड़ा संगठनात्मक बदलाव: तेजस्वी यादव बने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पटना, 25 जनवरी : राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आज पटना के होटल मौर्य में हुई, जिसमें पार्टी के युवा नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष (National Working President) नियुक्त कर दिया गया।
यह फैसला सर्वसम्मति से लिया गया और पार्टी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने खुद तेजस्वी यादव को प्रमाण-पत्र सौंपा।बैठक में लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, सांसद मीसा भारती सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहे। इस नियुक्ति को आरजेडी में पीढ़ीगत नेतृत्व हस्तांतरण का बड़ा कदम माना जा रहा है, खासकर हाल के विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद पार्टी को नई ऊर्जा और संगठनात्मक मजबूती देने के लिए।
लालू प्रसाद यादव ने इस मौके पर कहा कि तेजस्वी यादव के युवा नेतृत्व से पार्टी नई दिशा में आगे बढ़ेगी और सामाजिक न्याय की लड़ाई को और मजबूती मिलेगी। तेजस्वी यादव ने पद ग्रहण करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आने वाले चुनौतियों का सामना करने का आह्वान किया।
यह फैसला पार्टी के भीतर कुछ विवादों को भी जन्म दे रहा है। तेजस्वी की बहन रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर इस नियुक्ति पर सवाल उठाते हुए इसे ‘कठपुतली’ और ‘षड्यंत्र’ करार दिया है, जबकि अन्य नेताओं ने इसे ‘नए युग की शुरुआत’ बताया है।आरजेडी के सूत्रों के अनुसार, इस नियुक्ति के बाद पार्टी संगठन में और बदलाव हो सकते हैं, जिसमें विभिन्न राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों की भूमिका और भविष्य की चुनावी रणनीति पर फोकस रहेगा।

















