रांची नगर निगम चुनाव में वार्ड 11 से आलिया नाज ने भरा नामांकन, हजारों समर्थकों ने जताया विश्वास; जीत का दावा मजबूत

रांची नगर निगम चुनाव में वार्ड 11 से आलिया नाज ने भरा नामांकन, हजारों समर्थकों ने जताया विश्वास; जीत का दावा मजबूत

रांची : झारखंड की राजधानी रांची में नगर निगम चुनाव की सरगर्मी चरम पर है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन प्रक्रिया 29 जनवरी से शुरू हो चुकी है और 4 फरवरी तक चलेगी। मतदान 23 फरवरी को होगा, जबकि मतगणना 27 फरवरी को प्रस्तावित है। इसी कड़ी में वार्ड 11 से प्रत्याशी आलिया नाज ने शनिवार को रांची समाहरणालय के ए ब्लॉक में भारी समर्थन के साथ नामांकन पत्र दाखिल किया।

आलिया नाज हजारों उत्साही समर्थकों के साथ नामांकन केंद्र पहुंचीं, जहां लालपुर और वर्दवान कंपाउंड सहित वार्ड के विभिन्न गली-मुहल्लों से लोग बड़ी संख्या में मौजूद थे। नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में आलिया नाज ने कहा, “पार्षद की जिम्मेदारी बहुत बड़ी है। लोग विधायक, सांसद या मंत्री तक नहीं पहुंच पाते, लेकिन पार्षद के घर जाकर अपनी समस्याएं बता सकते हैं। हमें साफ-सफाई, सड़क, नाली, विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, मैया सम्मान योजना, छात्रवृत्ति, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, शुद्ध पेयजल, स्वास्थ्य केंद्र, अबुआ स्वास्थ्य, आयुष्मान कार्ड और राशन कार्ड जैसी सरकारी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचाना है।”

उन्होंने आगे कहा, “झारखंड गठन के 25 साल बीत चुके हैं, लेकिन राजधानी अभी भी स्वच्छ सर्वेक्षण में शीर्ष स्थान हासिल नहीं कर पाई है। पार्षदों को बेहतर काम करके शहर को स्वच्छ और विकसित बनाना होगा। हमारे वार्ड में बूढ़े-बुजुर्गों से लेकर आम लोगों तक कई परेशानियां हैं। हमेशा से समाजसेवा करते आए हैं और आगे भी करते रहेंगे।”

समर्थकों ने बताया कि लालपुर और वर्दवान कंपाउंड के लोगों ने खुद आलिया नाज को चुनाव लड़ने के लिए प्रेरित किया और पूर्ण समर्थन दिया। आलिया नाज ने कहा, “सभी गली-मुहल्लों से लोग आए हैं, सबकी उम्मीदें मुझसे जुड़ी हैं। समर्थन की जो लहर है, जीत सुनिश्चित है।”

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow