धनबाद : जानिए आखिर क्यों प्रिंस खान के खिलाफ बोल रहा है उसका अपना भाई बंटी खान
जाली पासपोर्ट मामले में गिरफ्तार बंटी खान का बड़ा बयान, पुलिस से प्रिंस पर कड़ी कार्रवाई की मांग..हिम्मत है तो धनबाद लौटकर कानून का सामना कर
धनबाद /गोविंद
धनबाद। धनबाद के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के खिलाफ अब उसके अपने ही भाई बंटी खान ने खुलकर मोर्चा खोल दिया है। जाली पासपोर्ट के जरिए देश से बाहर निकलने की कोशिश के आरोप में कोलकाता से गिरफ्तार किए गए बंटी खान ने प्रिंस के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। बंटी ने अपने भाई को चुनौती देते हुए कहा कि अगर प्रिंस खुद को इतना बड़ा गैंगस्टर मानता है, तो हिम्मत दिखाए और धनबाद लौटकर कानून का सामना करे।

बंटी खान ने आरोप लगाया कि प्रिंस खान अपना परिवार लेकर भाग गया, जबकि हम लोगों को पीछे परेशान होने के लिए छोड़ दिया। उसके इस बयान के बाद धनबाद के अपराध जगत में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
बंटी ने पुलिस से प्रिंस खान के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। बयान के दौरान उसने प्रिंस के खिलाफ बेहद सख्त कार्रवाई की बात कही और एनकाउंटर जैसी कार्रवाई तक की मांग कर दी।

बंटी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब पुलिस प्रिंस खान और उससे जुड़े नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई कर रही है। जाली पासपोर्ट मामले में बंटी की गिरफ्तारी के बाद अब उसके बयान ने पूरे मामले में एक नया एंगल जोड़ दिया है।
जिस प्रिंस खान के नाम से धनबाद में लंबे समय से खौफ की चर्चा होती रही है, उसी के भाई ने अब उसे धनबाद लौटकर कानून का सामना करने की चुनौती दी है। बंटी के इस बयान के बाद पुलिस जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है, इस पर भी नजर रहेगी।

















