सिमडेगा के पथ निर्माण विभाग में सेवानिवृत्त लेखा लिपिक अजय कुमार चौधरी को भावभीनी विदाई, ईमानदारी और समर्पण की सराहना
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : पथ निर्माण विभाग, पथ प्रमंडल सिमडेगा में लंबे समय तक सेवाएं देने वाले लेखा लिपिक अजय कुमार चौधरी के सेवानिवृत्त होने पर विभागीय स्तर पर एक भावुक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उनके अनुशासन, निष्ठा, ईमानदारी और समर्पणपूर्ण कार्यकाल की खुलकर सराहना की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता लेखा पदाधिकारी अनिल डाहंगा ने की। मुख्य अतिथि कार्यपालक अभियंता राजीव कुमार सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने अजय कुमार चौधरी के पूरे कार्यकाल में विभाग के प्रति समर्पित योगदान की प्रशंसा की।
झारखंड राज्य कर्मचारी महासंघ के जिला सचिव सुशील कुमार सिंह ने सेवानिवृत्त कर्मचारी को कुशल, कर्मठ और अनुशासित बताते हुए कहा, “लेखा लिपिक अजय कुमार के शानदार कार्यकाल को स्मरण किया जाएगा। उनका विभागीय योगदान सदैव याद रखा जाएगा। वे कर्मचारी हितों और सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहे हैं।” उन्होंने अजय कुमार चौधरी के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।
समारोह के दौरान सेवानिवृत्त अजय कुमार चौधरी ने अपने अनुभव साझा करते हुए सभी सहयोगियों, अधिकारियों और विभाग के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता, कार्यालय कर्मचारी सहित विभाग के अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में अजय कुमार चौधरी को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

















