“तुम बच्चा हो, बैठ जाओ!”: राज्यपाल अभिभाषण के दौरान नीतीश-तेजस्वी की जोरदार नोकझोंक, सदन में ठहाके
पटना : बिहार विधानसभा के बजट सत्र में गुरुवार को राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान राजनीतिक पारा चरम पर पहुंच गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बीच कई बार तीखी नोकझोंक देखने को मिली, जिसने सदन में हलचल मचा दी।
मुख्य मुद्दे PMCH (पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल) की स्थिति और हर घर नल का जल योजना रहे। विपक्ष के शोर-शराबे के बीच नीतीश कुमार ने कहा, “पहले तो कुछ नहीं था… इधर-उधर नहीं करता था।” उन्होंने तेजस्वी की ओर इशारा करते हुए तंज कसा कि उनके साथ रहते तो ठीक था, लेकिन बाद में गड़बड़ करने लगा तो छोड़ दिया गया।
जब विपक्ष हंगामा कर रहा था, तो नीतीश ने तेजस्वी को सीधे संबोधित करते हुए कहा, “अरे बैठो… तुम बच्चा न हो जी। हम तुम्हारे बाप के समय के हैं न! हम तुमको मानते हैं न, तुमको बनाए हैं न।” इस पर सदन में ठहाके गूंजे, जबकि तेजस्वी मुस्कुराते रहे और जवाब में कहा कि “आप ही इधर-उधर करते हैं।”
नीतीश कुमार ने पुराने कार्यकाल का जिक्र करते हुए दावा किया कि पहले लोग भय में जीते थे, अब विकास हो रहा है। वहीं, तेजस्वी यादव ने सरकार पर विकास के दावों को खारिज करते हुए कहा कि राज्यपाल का अभिभाषण हकीकत से दूर है और अपराध, बेरोजगारी जैसे मुद्दे बरकरार हैं।


















