चतरा-गया मार्ग पर भीषण जाम: संघरी घाटी में कंटेनर पलटने से यातायात ठप, कई गाड़ी आपस में टकराए
चतरा : झारखंड के चतरा जिले के जोरी थाना क्षेत्र में स्थित संघरी घाटी में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होने से चतरा-गया मुख्य मार्ग पर भीषण जाम लग गया। हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया और यात्रियों को घंटों तक परेशानी का सामना करना पड़ा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मिली जानकारी के अनुसार, घाटी के एक खतरनाक और तीखे मोड़ पर एक कंटेनर अनियंत्रित होकर पलट गया। इसके पीछे से आ रहे कई हाइवा ट्रक आपस में टकरा गए, जिससे सड़क पर अफरातफरी मच गई। पलटा कंटेनर और क्षतिग्रस्त वाहन सड़क पर फंस गए, जिसके कारण भारी वाहनों के साथ-साथ छोटी गाड़ियां, बसें और अन्य वाहन जाम में फंसकर ठहर गए।
जोरी थाना पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जाम खोलने की कार्रवाई शुरू की। क्रेन की मदद से पलटे कंटेनर और अन्य क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने का प्रयास जारी है, ताकि यातायात जल्द से जल्द बहाल किया जा सके।
चतरा विधायक जनार्दन पासवान ने इस हादसे पर गंभीर संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि संघरी घाटी में लगातार हो रही दुर्घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। यह इलाका पहले से ही ‘मौत की घाटी’ के रूप में कुख्यात है, जहां तीखे मोड़, खड़ी ढलान और खराब सड़क डिजाइन के कारण अक्सर बड़े हादसे होते रहते हैं। विधायक ने घोषणा की कि वे इस मुद्दे को आज ही विधानसभा में जोरदार तरीके से उठाएंगे।
संघरी घाटी चतरा जिले का एक प्रमुख मार्ग है, लेकिन यहां की खतरनाक भौगोलिक स्थिति के कारण यह सड़क हादसों का प्रमुख केंद्र बन चुकी है। प्रशासन से अपेक्षा है कि इस बार स्थायी समाधान निकाला जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
















