‘क्षेत्रीय गौरव एकता समागम 2026’: देशभर से जुटे पूर्व सांसद-विधायक, समाज की एकजुटता पर जोर
रांची : राजधानी रांची के धुर्वा स्थित पुराने विधानसभा मैदान में रविवार को ‘क्षेत्रीय गौरव एकता समागम 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम क्षेत्रीय गौरव एकता मंच, मध्य झारखंड प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित हुआ। समागम में झारखंड समेत देश के विभिन्न राज्यों से आए पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और अलग-अलग राजनीतिक दलों से जुड़े नेता व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर हजारों लोगों की भीड़ देखने को मिली।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!समागम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह उपस्थित रहे। इसके अलावा शिवहर लोकसभा क्षेत्र की सांसद लवली आनंद, बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, पूर्व एमएलसी प्रवीण कुमार सिंह, पूर्व सांसद पशुपतिनाथ सिंह, पूर्व मंत्री गिरिनाथ सिंह, पूर्व सांसद सुनील सिंह और धनबाद के नवनिर्वाचित मेयर संजीव सिंह सहित कई प्रमुख हस्तियों ने कार्यक्रम में शिरकत की।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने समाज की एकता और संगठन की आवश्यकता पर जोर दिया। पूर्व मंत्री गिरिनाथ सिंह ने कहा कि समाज में एकजुटता बेहद जरूरी है, क्योंकि बिखराव के कारण कई बार समाज के हक और अधिकार कमजोर पड़ जाते हैं। वहीं पूर्व सांसद पशुपतिनाथ सिंह ने कहा कि क्षत्रिय समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है और समाज ने हमेशा देशहित में अहम भूमिका निभाई है।
मुख्य अतिथि बृजभूषण शरण सिंह ने लोगों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी समाज की असली ताकत उसकी एकता में होती है। उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही आगे बढ़ सकता है और अपने अधिकारों की रक्षा कर सकता है।
समागम में झारखंड के विभिन्न जिलों के साथ-साथ अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए, जिससे कार्यक्रम एक बड़े सामाजिक सम्मेलन के रूप में नजर आया।

















