पाकरटांड़ के ईंट भट्ठों में चला बाल श्रम रोकथाम अभियान, टीम ने की सघन जांच
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : झारखंड में बाल श्रम पर रोक लगाने के उद्देश्य से पाकरटांड़ प्रखंड क्षेत्र में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। यह अभियान झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) के तत्वावधान में संचालित हुआ।
अभियान के दौरान श्रम अधीक्षक कार्यालय और डालसा की संयुक्त टीम ने क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों एवं ईंट भट्ठों में पहुंचकर सघन जांच की। निरीक्षण के दौरान टीम ने लोगों को जागरूक करते हुए बताया कि बाल मजदूरी एक दंडनीय अपराध है और किसी भी परिस्थिति में बच्चों से काम कराना कानूनन गलत है।
टीम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कहीं भी बाल श्रम करते हुए बच्चे पाए गए तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ विधि अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि राहत की बात यह रही कि जांच के दौरान पाकरटांड़ क्षेत्र में कहीं भी बाल मजदूरी का कोई मामला सामने नहीं आया, जिसे एक सकारात्मक संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
इस अभियान में श्रम अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह के नेतृत्व में टीम सक्रिय रही। साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकार के पीएलवी लालचंद नायक, बालचंद सिंह एवं योगेंद्र पंडा भी उपस्थित रहे।

















