कोडरमा घाटी में सड़क हादसे के बाद लूट! 500 बोरा दाल उठा ले गए ग्रामीण, घायल ड्राइवर अस्पताल में
कोडरमा : रांची-पटना मुख्य मार्ग पर मेघातरी काली मंडा के समीप बुधवार को दो ट्रकों की जोरदार आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों ट्रक सड़क पर पलट गए, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने लूटपाट शुरू कर दी। ट्रक में लदी 1000 बोरा दाल में से लगभग 500 बोरा दाल ग्रामीणों ने उठा लिया।
जानकारी के अनुसार, कोलकाता से बिहार जा रहा दाल लदा ट्रक और नवादा से कोडरमा की ओर आ रहा खाली ट्रक मेघातरी काली मंडा के पास टकरा गए। दुर्घटना में दाल वाले ट्रक के चालक मुकेश कुमार और उपचालक राहुल कुमार (दोनों छपरा, बिहार निवासी) गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि खाली ट्रक के ड्राइवर को मामूली चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
ट्रक पलटते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और सड़क पर बिखरी दाल को लूटने लगे। हादसे के तुरंत बाद अस्पताल जाते ही चालक-असिस्टेंट के साथ लूट का सिलसिला शुरू हो गया। पुलिस के मुताबिक, कुल 1000 बोरा दाल में से करीब 500 बोरा लूट लिए गए।
घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा थाना की पीसीआर वैन मौके पर पहुंची और आसपास के घरों तथा क्षेत्र में सर्च अभियान शुरू कर दिया। पुलिस लूटे गए दाल की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही है।


















