समाहरणालय भवन को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, BDDS की टीम ने शुरू की सघन जांच
रांची: राजधानी रांची के समाहरणालय (कलेक्ट्रेट) भवन को एक बार फिर बम से उड़ाने की गंभीर धमकी मिली है। धमकी ईमेल के माध्यम से दी गई है, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है।
पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू कर दी है। बम निरोधक दस्ता (BDDS) की टीम समाहरणालय भवन में सघन तलाशी और जांच अभियान चला रही है। भवन की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है तथा पुलिस की विशेष टीमें पूरे इलाके पर नजर रखे हुए हैं।
जांचकर्ता जिस ईमेल आईडी से धमकी भेजी गई है, उसकी ट्रेसिंग में जुटे हैं। फिलहाल भवन में किसी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री के मिलने की कोई खबर नहीं है, लेकिन एहतियात के तौर पर पूरी तलाशी ली जा रही है।
यह धमकी हाल के महीनों में रांची के सरकारी भवनों को मिली कई धमकियों की कड़ी में नई है। इससे पहले सिविल कोर्ट और पासपोर्ट कार्यालय को भी इसी तरह की ईमेल धमकियां मिल चुकी हैं, जिन्हें बाद में होक्स साबित किया गया था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। ईमेल की पूरी डिटेल्स चेक की जा रही हैं और धमकी देने वाले की पहचान करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।


















