रांची में लूटपाट का बड़ा खुलासा: 10 अपराधी गिरफ्तार, हथियार-वाहन समेत लूटा गया सामान बरामद

रांची में लूटपाट का बड़ा खुलासा: 10 अपराधी गिरफ्तार, हथियार-वाहन समेत लूटा गया सामान बरामद

Share
Link copied

रांची: रांची पुलिस ने जिले में हाल के दिनों में हुई सिलसिलेवार लूटपाट की घटनाओं का बड़ा खुलासा करते हुए 10 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से लूटे गए रुपये, मोबाइल फोन, हथियार और वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन भी बरामद किए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित एसआईटी (SIT) ने ग्रामीण और शहरी पुलिस के संयुक्त नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई करते हुए इस गिरोह का पर्दाफाश किया। गिरफ्तार अपराधियों ने पूछताछ में कई वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

रांची के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों का एक साथ उद्भेदन किया गया, जिनमें प्रमुख रूप से डोरंडा थाना क्षेत्र में दुकान लूट, पुंदाग और बीआईटी क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर लूट, टाटीसिलवे सीएनजी पंप पर लूटपाट, ओरमांझी में दुकान में लूट और दुकानदार पर चाकू से हमला। इन सभी मामलों में एक ही गिरोह की संलिप्तता सामने आई है।

पुलिस ने कुल 10 अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें जहीर उर्फ खान, फरहान खान उर्फ बब्लू, शेख जीमल, अरसलान खान, मो. फैजान, सोएब अंसारी, सहबाज सलमान, कासिफ युसूफ, शेख मुज्जमिल उर्फ माखन और राजा खान उर्फ खानता शामिल हैं। सभी आरोपी रांची जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं।

गिरफ्तार अपराधियों में से कुछ का आपराधिक इतिहास भी रहा है। विशेषकर सहबाज सलमान पर पूर्व में लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। वहीं जहीर और फरहान पर भी पूर्व में केस दर्ज पाया गया है।

पुलिस ने अपराधियों के पास से भारी मात्रा में सामान बरामद किया है। अपराधियों के पास से देसी रिवॉल्वर और 4 जिंदा कारतूस, 6 चाकू, 6 मोबाइल फोन (आईफोन, वीवो, सैमसंग, ओप्पो, रेडमी), 2 स्कूटी, 1 पल्सर बाइक और 1 कार, नगद रुपये और वारदात के समय पहने कपड़े बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के अन्य चिन्हित सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी गहन जांच की जा रही है। रांची पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय लूटपाट गिरोह का पर्दाफाश हुआ है, जिससे आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।