लातेहार में बड़ी सफलता: 5 लाख के इनामी सबजोनल कमांडर सुरेंद्र लोहरा ने किया आत्मसमर्पण
अशीष कुमार वैद्य
लातेहार : नक्सलवाद के खिलाफ जारी अभियान में लातेहार पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन जेजेएमपी (JJMP) के सक्रिय सबजोनल कमांडर सुरेंद्र लोहरा उर्फ टाइगर जी/विनोद लोहरा ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है। सुरेंद्र लोहरा पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था और वह लगभग 20 वर्षों से माओवादी एवं जेजेएमपी गतिविधियों में सक्रिय रहा था।

यह आत्मसमर्पण पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस महानिरीक्षक, पलामू प्रक्षेत्र और लातेहार पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस सफलता में लातेहार पुलिस, प्रशासन और सीआरपीएफ 11वीं बटालियन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस के अनुसार, राज्य सरकार की आत्मसमर्पण नीति का सकारात्मक असर अब देखने को मिल रहा है, जिससे उग्रवादी मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।
लातेहार पुलिस का उग्रवाद विरोधी अभियान लगातार सफल होता नजर आ रहा है। वर्ष 2025 में जिले में 23 उग्रवादियों ने आत्मसमर्पण किया था, जिनमें 5 लाख के इनामी लवलेश गंझू, रविंद्र यादव, अखिलेश यादव, बलदेव गंझ और मुकेश राम जैसे कुख्यात नाम शामिल थे।
वहीं वर्ष 2026 में भी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए माओवादी संगठन के 10 लाख के इनामी जोनल कमांडर मृत्युंजय भुईया और 2 लाख के इनामी बब्लू राम को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
कभी उग्रवाद के लिए चर्चित रहा लातेहार अब धीरे-धीरे शांति और विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आम जनता के सहयोग से जिले में उग्रवाद को समाप्त करने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

















