गौवंश तस्करी मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार, कई कांडों में रहा है संलिप्त
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : सिमडेगा जिले में गौवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। केरसई थाना कांड संख्या 08/2026 में वांछित आरोपी संजय समीर सिंघिया उर्फ संजय सिंघिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को यह सफलता गुप्त सूचना के आधार पर मिली। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने छापेमारी करते हुए 4 अप्रैल 2026 को केसीबीच के पास स्थित शकुंतला होटल के समीप से आरोपी को दबोच लिया।
इस संबंध में पुलिस उपाधीक्षक रणवीर सिंह ने प्रेस वार्ता कर बताया कि जिले में गौवंश तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी गोवंशीय तस्करी से जुड़े मामलों में लंबे समय से सक्रिय था। वह अवैध रूप से पशुओं को दूसरे क्षेत्रों में भेजने के लिए वाहनों से प्रति गाड़ी करीब 9 हजार रुपये वसूलता था। हाल ही में उसने 14 हजार रुपये ऑनलाइन प्राप्त किए थे, जबकि बाकी राशि पशुओं को पार कराने के बाद लेने की योजना थी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय समीर सिंघिया (42 वर्ष), निवासी करवाजोर, थाना केरसई, जिला सिमडेगा के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ वर्ष 2002 से 2025 तक सिमडेगा, गुमला समेत विभिन्न थानों में दर्जनभर से अधिक मामले दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट, पशु क्रूरता अधिनियम और गोवंशीय हत्या निषेध अधिनियम जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
















