AAP में बड़ा सियासी भूचाल: राघव चड्ढा का दावा—दो-तिहाई सांसद BJP में होंगे शामिल
नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी (AAP) में एक बड़े राजनीतिक घटनाक्रम ने हलचल मचा दी है। AAP के वरिष्ठ नेता राघव चड्ढा ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि पार्टी के दो-तिहाई से ज्यादा सांसद भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने जा रहे हैं। इस दौरान उनके साथ संदीप पाठक और अशोक मित्तल भी मौजूद रहे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्रेस कॉन्फ्रेंस में राघव चड्ढा ने कहा कि उन्होंने AAP को अपने “खून-पसीने से सींचा” है, लेकिन अब पार्टी अपने मूल रास्ते से भटक गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी अब देशहित के बजाय निजी स्वार्थों के लिए काम कर रही है। चड्ढा ने कहा, “जिस AAP को मैंने 15 सालों तक अपने खून से सींचा, वह अब अपने मार्ग से हट गई है। हम सभी ने मिलकर इस पार्टी को दिल्ली, पंजाब और देश के अन्य राज्यों तक पहुंचाया, लेकिन अब इसकी दिशा बदल चुकी है। इसलिए मैं AAP से अलग होकर जनता के बीच जा रहा हूं।”
उन्होंने आगे घोषणा करते हुए कहा कि वे और उनके साथ जुड़े नेता BJP में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में कई बड़े और साहसिक फैसले लिए हैं, जिनसे देश को नई दिशा मिली है।
वहीं, संदीप पाठक ने भी भावुक होते हुए कहा, “मैंने कभी नहीं सोचा था कि ऐसा दिन आएगा। पिछले 10 वर्षों से मैं इस पार्टी से जुड़ा रहा, लेकिन अब परिस्थितियों के चलते मुझे अलग होना पड़ रहा है।” इस घटनाक्रम के बाद AAP की राजनीति में बड़ा संकट खड़ा होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, पार्टी की ओर से इस पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

















