रांची में सनसनीखेज खुलासा: दत्तक पुत्री ने प्रेमी संग मिलकर की विधवा महिला की हत्या

रांची : रांची पुलिस ने एक चौंकाने वाले हत्याकांड का खुलासा किया है, जिसमें पहले बाथरूम में गिरने से मौत का मामला बताया गया था, लेकिन जांच में यह हत्या निकली। वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची वरीय पुलिस अधीक्षक के अनुसार, डोरंडा थाना क्षेत्र की रहने वाली नाहिद परवीन की हत्या उनकी ही दत्तक पुत्री ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर की।
क्या है मामला?
25 अप्रैल 2026 को नाहिद परवीन की मौत बाथरूम में गिरने से होने की बात कही गई थी। शव को दफनाने से पहले जब अंतिम स्नान कराया जा रहा था, तब गर्दन और शरीर पर चोट के निशान देखे गए। हालांकि उस समय किसी को संदेह नहीं हुआ और शव को दफना दिया गया।
बाद में जब मृतका की दत्तक पुत्री से पूछताछ की गई, तो हत्या का खुलासा हुआ। इसके बाद मृतका के देवर मो. हलीम ने डोरंडा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कांड संख्या 107/26 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
कब्र से निकाला गया शव, पोस्टमार्टम में खुलासा
मामले की गंभीरता को देखते हुए दंडाधिकारी की मौजूदगी में शव को कब्र से निकालकर मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया। रिपोर्ट में साफ तौर पर हत्या की पुष्टि हुई।
हत्या की वजह
जांच में सामने आया कि नाहिद परवीन एक पेंशनभोगी विधवा थीं। उनके खाते में पीएफ का पैसा और पेंशन आती थी। उनकी कोई संतान नहीं थी, इसलिए करीब 15 साल पहले एक बच्ची को गोद लिया था। दत्तक पुत्री अपने प्रेमी अरबाज खान पर पैसे खर्च करती थी और उससे शादी करना चाहती थी, जिसका विरोध नाहिद परवीन कर रही थीं। इसी कारण साजिश रची गई।
24 अप्रैल को दत्तक पुत्री ने अपने प्रेमी अरबाज खान, उसके दोस्त समीर खान और अन्य साथियों के साथ मिलकर तकिये से मुंह दबाकर नाहिद परवीन की हत्या कर दी। इसके बाद घर को साफ कर सबूत मिटाने की कोशिश की गई और इसे हादसा बताने की साजिश रची गई।
पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में विधि-विरुद्ध बालिका (दत्तक पुत्री), अरबाज खान, समीर खान शामिल हैं। पुलिस अन्य दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस ने खून से सना बेडशीट और खून लगा तकिया कवर बरामद किए हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।















