चाईबासा में खूनी रंजिश: सब्जी बेचने जा रहे ग्रामीण पर अंधाधुंध तीरंदाजी, शरीर में धंसे 3 तीर, हालत नाजुक
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के झींकपानी थाना क्षेत्र में शनिवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ बेटेया गांव के रहने वाले एक ग्रामीण पर घात लगाकर जानलेवा हमला किया गया। आरोपी ने पीड़ित पर एक के बाद एक करीब 20 तीर दागे, जिसमें से 3 तीर सीधे उसके शरीर में जा धंसे। घायल को गंभीर स्थिति में सदर अस्पताल चाईबासा में भर्ती कराया गया है।
बाजार जाने के दौरान हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, 45 वर्षीय चोया बिरूली शनिवार सुबह अपने गांव से सब्जियां लेकर जोड़ापोखर हाट बेचने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में चिड़ियापहाड़ी गांव निवासी दोपे बिरूली पहले से ही घात लगाकर बैठा था। जैसे ही चोया वहां पहुंचा, आरोपी ने उस पर तीरों की बौछार कर दी। चोया को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा।
ग्रामीणों ने पहुँचाया अस्पताल
घटना के बाद राहगीरों ने इसकी सूचना तुरंत झींकपानी थाना पुलिस को दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल को सदर अस्पताल पहुँचाया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, डॉक्टरों की टीम शरीर में धंसे तीरों को निकालने के लिए जटिल सर्जरी कर रही है। पीड़ित की स्थिति फिलहाल नाजुक बनी हुई है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, मामला आपसी रंजिश का लग रहा है। आरोपी दोपे बिरूली घटना के बाद से फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा और हमले के पीछे के असल कारणों का खुलासा होगा।


















