नाबालिग के साथ गैंगरेप, पकौड़ी खिलाने के बहाने जंगल ले जाकर दो युवकों ने किया सामूहिक दुष्कर्म; दो गिरफ्तार

रांची : रांची के बेड़ो थाना क्षेत्र में एक बार फिर नाबालिग बालिका के साथ गैंगरेप की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। 13 वर्षीय मासूम बच्ची से गुरुवार शाम को पकौड़ी खिलाने के बहाने बहला-फुसलाकर जंगल के पास ले जाकर दो युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने शुक्रवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता रांची शहर की रहने वाली है और पिछले दो साल से बेड़ो में अपनी मौसी के घर रह रही थी। गुरुवार शाम को घरेलू काम के लिए साप्ताहिक बाजार गई थी। लौटते समय राजा बड़ाईक नामक युवक ने उसे पकौड़ी खिलाने का लालच देकर हरिहरपुर जामटोली रोड की ओर ले गया।वहां पहले से मौजूद उसके साथी कामेश्वर के साथ मिलकर दोनों ने नाबालिग बच्ची के साथ गैंगरेप किया।
वारदात के बाद दोनों आरोपी पीड़िता को जंगल के पास एक अर्धनिर्मित मकान में अकेला छोड़कर फरार हो गए। देर रात पीड़िता किसी तरह घर पहुंची और मौसी को सारी घटना बताई। मौसी ने बेड़ो थाने में FIR दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए POCSO एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस पूछताछ में जुटी हुई है।

















