सिमडेगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 43 किलो गांजा, हथियार और दो कार के साथ अंतरराज्यीय गिरोह के 4 अपराधी गिरफ्तार

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: झारखंड के सिमडेगा जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 43 किलो गांजा, अवैध हथियार और दो कार के साथ चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई टी0 टांगर थाना कांड संख्या-20/26, दिनांक 10 मई 2026 के तहत की गई।
पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा के बलांगीर से एक स्विफ्ट डिजायर कार (OD15X 4060) में भारी मात्रा में गांजा लोड कर कुत्रा-सुंदरगढ़ होते हुए अंबापानी (टी0 टांगर) के रास्ते रांची ले जाया जा रहा है। सूचना में यह भी बताया गया था कि वाहन में सवार अपराधियों के पास अवैध हथियार भी हैं।
सूचना के बाद वरीय पुलिस उपाधीक्षक रणवीर सिंह और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बैजू उरांव के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्ध वाहनों की पहचान की और टी0 टांगर थाना क्षेत्र के टुकुपानी स्कूल टोली के पास घेराबंदी कर एक वाहन को रोक लिया।
तलाशी के दौरान वाहन में सवार दुर्गेश कुमार सिंह उर्फ डिंपल महतो और दीपेश सिंह को गिरफ्तार किया गया। जांच में दुर्गेश सिंह के पास से एक ऑटोमेटिक पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। वहीं स्विफ्ट डिजायर कार की सीट के अंदर बनाए गए गुप्त कैबिनेट से 76 पैकेटों में छिपाकर रखा गया कुल 42.990 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि दूसरी स्विफ्ट डिजायर कार (JH01EQ5615) में सवार अपराधी गांजा लदे वाहन को एस्कॉर्ट कर रहे थे। इस मामले में अभिषेक राय को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर घटनास्थल के पास पहाड़ी झाड़ियों से दो पिस्टल और दो मैगजीन बरामद किए गए।
पुलिस ने इस गिरोह को गांजा सप्लाई करने वाले ओडिशा के बलांगीर निवासी उछवा प्रधान उर्फ उछवा दादा को भी गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों ने स्वीकार किया है कि वे पहले भी कई बार इसी रास्ते से गांजा की खेप बिहार, उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में पहुंचा चुके हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। इनके खिलाफ हत्या, लूट, हत्या के प्रयास, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत बिहार और उत्तराखंड के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 42.990 किलोग्राम गांजा, 03 अवैध पिस्टल, 02 मैगजीन, 04 जिंदा कारतूस, 02 स्विफ्ट डिजायर कार, 05 मोबाइल फोन और 01 रेडमी टैबलेट बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दुर्गेश कुमार सिंह उर्फ डिंपल महतो, दीपेश सिंह, अभिषेक राय और उछवा प्रधान उर्फ उछवा दादा शामिल हैं।
छापेमारी दल में वरीय पुलिस उपाधीक्षक रणवीर सिंह, एसडीपीओ बैजू उरांव, टी0 टांगर थाना प्रभारी नवीन कुमार, जयकांत राय, संजीत कुमार, दीपेश कुमार, रामनाथ राम, संतोष कुमार महतो सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

















